विशेष
Trending

चर्चा में : अब कांग्रेस इस मामले में क्या कहेगी..?

किसी भी राजनीतिक दल को बोलने का मौका मिलता है तो ज्यादा नहीं बोलना चाहिए। ऐसा नहीं कहना चाहिए कि ऐसा तो उस पार्टी में हो सकता है। हमारी पार्टी के लोग तो ऐसा नहीं करते हैं। हमारी पार्टी के लोग तो ऐसा कर ही नहींं सकते।महतारी वंदन योजना का लाभ एक अपात्र को मिलने पर कांग्रेस ने ऐसा बयान दिया था जैसे भाजपा सरकार सारे अपात्र लोगों को योजना का लाभ दे रही है और भ्रष्टाचार कर रही है।कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया था कि महतारी वंदन योजना में पहले दिन से ही भ्रष्टाचार किया जा रहा है।योजना में फिल्म अभिनेत्री सनी लियोन के नाम से पिछले दस माह से भुगतान किया जाना इस योजना के असली हकीकत को बताता है। सनी लियोन के नाम से एक प्रकरण का खुलासा हुआ है। हकीकत में पूरे प्रदेश में 45 लाख महिलाओं के नाम से भ्रष्टाचार किया जा रहा है। महतारी वंदन योजना भाजपा सरकार के सुनियोजित भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा उदाहरण है।हर माह इस योजना में 450 करोड़ का घोटाला किया जा रहा है।


कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप तो लगा दिया 45 हजार अपात्र महिलाओं को योजना का लाभ दिया जा रहा है लेकिन वह 45 महिलाओं का नाम नहीं बता सके हैं, इससे साफ हो जाता है कि कांग्रेस वाले मौका पाकर भ्रष्टाचार के नाम पर झूठ कह रहे हैं ताकि जनता को बताया जा सके कि कांग्रेस सरकार से अलग नहीं है भाजपा की सरकार। कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार हो सकता है तो भाजपा सरकार में भी भ्रष्टाचार हो सकता है। निचले स्तर पर सरकारी कर्मचारियों व अधिकारियों के कारण हर सरकार में ऐसा होता है। साय सरकार के समय एक अपात्र महिला के नाम पर पैसा लिया जा रहा था तो इसका पता चलने पर साय सरकार ने संबंधित लोगों के खिलाफ तुरंत जांच कर कार्रवाई की है। इससे पता चलता है कि सरकार भ्रष्टाचार होने देने के पक्ष में है सरकार है या भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ है।
कांग्रेस के समय तो पांचों साल हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार होता रहा लेकिन सरकार ने किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। साय सरकार के आने के बाद पीएससी घोटाला हो,सट्टा घोटाला हो, शराब घोटाला हो सरकार ने मामले की जांच कर कार्रवाई की है। कई लोग जेल भेजे गए है।सरकार ने भ्रष्टाचार न होने देने के लिए सरकारी स्तर पर व्यवस्था की है।साय सरकार व कांग्रेस सरकार में यह फर्क जनता महसूस करती है कि एक सरकार के समय भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई और एक सरकार के समय भ्रष्टाचार का पता चलते ही कार्रवाई की जा रही है। सनी लियोन मामले में तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
इसके बाद बस्तर जिले के बकावंड ब्लाक में तीन अविवाहित कन्याओं को फर्जी दस्तावेज बनाकर योजना का लाभ दिलाने का मामला सामने आया है।शिकायत पर इस मामले की जांच की जा रही है तथा कहा गया है कि इस मामले में दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मजे की बात यह है कि इस मामले की शिकायत भाजपा नेताओं ने की है तथा बस्तर कांग्रेस विधायक प्रतिनिधि जानकी राम पर आरोप है कि उसने अपने परिवार की तीन कुंवारी कन्याओं को विवाहिता बताकर योजना का लाभ दिलाया है।इस मामले की जांच शुरू हो गई तथा टलनार ग्राम पंचायतके सरपंच व सचिव को नोटिस जारी कर दिया गया है।कलेक्टर के निर्देश पर अब तीनों कन्याओं से महतारी वंदन योजना की राशि की वसूली की जाएगी।
अखबार में यह खबर छपी है कि महतारी वंदन योजना का लाभ लेने के लिए कुंवारी लड़कियों को ब्याहता बताया कांग्रेस नेता ने। इस मामले में कांग्रेस नेताओं को कुछ कहना चाहिए। कांग्रेस के नेता आरोप लगाते हैं कि महतारी वंदन योजना में भाजपा 450 करोड़ का भ्रष्टाचार कर रही है तो यह तो कांग्रेस साबित नहीं कर सकी है। लेकिन यह तो जांच में साबित हो जाएगा कि कांग्रेस नेता ने महतारी वंदन योजना का लाभ अपने घर की लड़कियों को दिलाने के लिए भ्रष्टाचार किया है। फिर कांग्रेस क्या कहेगी। यह तो बड़ी शर्म की बात है कि कांग्रेस नेता भाजपा सरकार की योजना का लाभ अपने घर वालों को दिलाने के लिए भ्रष्टाचार कर रहे हैं। ऐसे में लोग तो कहेंगे ही कि कांग्रेस नेता अपनी सरकार रहे तो भ्रष्टाचार करने से चूकते नहीं है, दूसरी पार्टी की सरकार रहे तो भी भ्रष्टाचार करने से बाज नहीं आते हैं।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper