मध्यप्रदेश
Trending

मध्यप्रदेश के पीथमपुर में जहरीला कचरा जलाने के विरोध में दो युवकों ने की आत्मदाह की कोशिश

भोपाल/इंदौर । मध्यप्रदेश के बहुचर्चित भोपाल गैसकांड (यूनियन कार्बाइड) के जहरीला कचरा को पीथमपुर में जलाने के विरोध में जहां शुक्रवार को पीथमपुर और सागौर का बाजार पूरी तरह से बंद है वहीं विरोध प्रदर्शन के दौरान दो युवकों ने आत्मदाह करने की कोशिश की। हालांकि आग बुझाकर उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। इनके नाम राजकुमार रघुवंशी और राज पटेल बताए जा रहे हैं।

जहरीला कचरा पीथमपुर पहुंचने के साथ इसका विरोध तेज हो गया है। यूनियन कार्बाइड का 337 मीट्रिक टन का जहरीला कचरा जलाने के विरोध में गुरुवार को विरोध रैली के बाद शुक्रवार को पीथमपुर बंद का आह्वान किया गया था। इसके चलते शुक्रवार सुबह से ही पूरा पीथमपुर बंद है। सभी बाजार, मोहल्ले व मुख्य सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। बंद के समर्थन में पीथमपुर के व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर रखी हैं। सभी छोटी से लेकर बड़ी दुकानें और होटल भी पीथमपुर में बंद हैं। इसी तरह सागौर में भी सुबह से ही सभी व्यापार व दुकानें बंद रहीं। वहीं, नगरवासियों का विरोध प्रदर्शन भी जारी है। इस दौरान दो युवकों ने खुद को आग के हवाले कर दिया। हालांकि वहां सुरक्षा पर तैनात पुलिस जवानों ने किसी तरह आग बुझाई और उन्‍हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। विरोध को देखते हुए पीथमपुर में हर जगह पर पुलिस तैनात की गई है।

 

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper