पंजाब
Trending

डल्लेवाल के अनशन के 50 दिन पूरे, पंजाब सरकार ने धरना स्थल पर बनाया अस्थाई अस्पताल

चंडीगढ़ । पंजाब के खनौरी बॉर्डर पर आमरण अनशन कर रहे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के अनशन के मंगलवार को 50 दिन पूरे हो गए। इस बीच पंजाब सरकार ने  धरना स्थल के आसपास अस्थाई अस्पताल बना दिया है। किसी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए वहां डाक्टरों को तैनात कर दिया गया है। जगजीत सिंह डल्लेवाल की तबीयत में लगातार गिरावट आ रही है। इसके बावजूद वह उपचार नहीं ले रहे हैं।

बुधवार को इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। इससे पहले पटियाला से डॉक्टरों की टीम पुलिस के साथ खनौरी बॉर्डर पहुंची। यहां वे डल्लेवाल के टेस्ट के लिए सैंपल लिए। डल्लेवाल की हालत को देखते हुए यहां टीम को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

किसानों आंदोलन के बीच पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मंगलवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान से मुलाकात की। इस मुलाकात में किसानों की मांगों को लेकर भी चर्चा हुई। फसलों पर एमएसपी गारंटी कानून और अन्य किसानी मुद्दों पर रणनीति तैयार करने के लिए पंजाब भाजपा की चंडीगढ़ में 15 जनवरी को बैठक होगी।

इस बीच किसानों ने ऐलान किया है कि बुधवार को 111 किसानों का एक जत्था काले कपड़े पहनकर खनौरी बॉर्डर पर आमरण अनशन पर बैठेगा। किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ ने बताया कि किसानों का जत्था बॉर्डर की दीवार के साथ आमरण अनशन पर बैठेगा। इसकी अगुवाई संयुक्त किसान मोर्चा गैर राजनीतिक तथा किसान मजदूर मोर्चा के नेताओं द्वारा की जाएगी। अभिमन्यु कोहाड़ ने कहा कि यह मोर्चा किसी टेंट के नीचे नहीं बल्कि कड़ाके की ठंड में खुले आसमान के नीचे बैठेगा।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper