व्यापार
Trending

देश का विदेशी मुद्रा भंडार 8.71 अरब डॉलर घटकर 625.87 अरब डॉलर पर

मुंबई/नई दिल्ली । अर्थव्‍यवस्‍था के मोर्चे पर झटका लगने वाली खबर है। विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार छठे हफ्ते गिरावट आई है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 10 जनवरी को समाप्त हफ्ते में 8.71 अरब डॉलर घटकर 625.87 अरब डॉलर रह गया है, जो पिछले 10 महीने का निचला स्तर है। इससे पिछले सप्ताह में यह 5.69 अरब डॉलर घटकर 634.58 अरब यूएस डॉलर रहा था।

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया कि 10 जनवरी को समाप्त हफ्ते में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 8.71 अरब डॉलर घटकर 625.87 अरब डॉलर रहा है। इस दौरान विदेशी मुद्रा भंडार का प्रमुख घटक विदेशी मुद्रा आस्तियां 9.47 अरब डॉलर घटकर 536.01 अरब डॉलर रह गईं। हालांकि, स्वर्ण भंडार का आ‍रक्षित मूल्य 79.2 करोड़ डॉलर बढ़कर 67.88 अरब डॉलर हो गया।

आरबीआई के मुताबिक विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) भी 3.3 करोड़ डॉलर घटकर 17.78 अरब डॉलर रहा। आंकड़ों के अनुसार इस दौरान अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास भारत का आरक्षित भंडार 40 लाख डॉलर घटकर 4.19 अरब डॉलर रह गया।

उल्लेखनीय है कि सितंबर के अंत में देश का विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 704.88 अरब अमेरिकी डॉलर के अबतक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। दरअसल, विदेशी मुद्रा भंडार में पिछले कुछ हफ्तों से गिरावट की वजह रुपये में उतार-चढ़ाव को कम करने के लिए रिजर्व बैंक का विदेशी मुद्रा बाजार में हस्तक्षेप के साथ-साथ मूल्यांकन को माना जा रहा है।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper