स्वच्छता सर्वेक्षण : आयुक्त ने अधिकारियों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने दिए निर्देश
रायपुर। आज रायपुर जिला कलेक्टर एवं नगर निगम प्रशासक डॉक्टर गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त अबिनाश मिश्रा ने नगर निगम के अधिकारियों को स्वच्छता सर्वेक्षण का प्रारम्भ होने की दृष्टि से प्रशासनिक तौर पर जोन की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने, निर्माण कार्य योजनाओं का समन्वय करने, राजस्व वसूली की समीक्षा करने जोन का भ्रमण करने जोन के प्रभारी अधिकारी का प्रशासनिक कार्य दायित्व दिया है।

इसके अंतर्गत निगम अपर आयुक्त राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता जोन क्रमांक 2,अपर आयुक्त यू. एस. अग्रवाल जोन क्रमांक 5, अपर आयुक्त पंकज के. शर्मा जोन क्रमांक 6, प्रभारी अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय जोन क्रमांक 3, उपायुक्त डॉक्टर अंजलि शर्मा जोन क्रमांक 9, उपायुक्त जसदेव सिंह बाबरा जोन क्रमांक 1, प्रभारी उपायुक्त प्रीति सिंह जोन क्रमांक 8, प्रभारी उपायुक्त दिव्या चंद्रवंशी जोन क्रमांक 10, राजस्व अधिकारी खीरसागर नायक जोन क्रमांक 7 और निगम सचिव सूर्यकान्त श्रीवास्तव को जोन क्रमांक 4 के प्रभारी अधिकारी का प्रशासनिक कार्य दायित्व दिया गया है। जोन के प्रभारी अधिकारी प्रतिदिन जोन का भ्रमण कर जोन कमिश्नर, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, जोन सहायक राजस्व अधिकारी, जोन स्वास्थ्य अधिकारी से कराएंगे. वे जोन की विशेष समस्याओं से नगर निगम आयुक्त को अवगत कराएंगे एवं प्रति माह रिपोर्ट देंगे। जोन के प्रभारी अधिकारी के जोन के भ्रमण के समय जोन कमिश्नर, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, जोन सहायक राजस्व अधिकारी, जोन स्वास्थ्य अधिकारी एवं वार्ड प्रभारी उनके साथ रहकर समस्याओं का निराकरण करेंगे। आयुक्त ने उक्ताशय का आदेश तत्काल प्रभावशील कर दिया है।

