छत्तीसगढ़
Trending

बीजापुर में नक्सलियों की IED ब्लास्ट ,एक जवान शहीद 

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल हिंसा का एक और दर्दनाक मामला सामने आया है। तोयनार थाना क्षेत्र अंतर्गत तोयनार-फरसेगढ़ मार्ग निर्माण की सुरक्षा में तैनात CAF (छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स) के जवान मनोज पुजारी, उम्र 26 वर्ष, ड्यूटी के दौरान नक्सलियों द्वारा बिछाए गए प्रेशर IED की चपेट में आकर शहीद हो गए। जवान 19वीं बटालियन में तैनात थे और RSO (रोड सेक्योरिटी ऑपरेशन) ड्यूटी पर थे।
घटना स्थल मोरमेड जंगल में स्थित है, जो तोयनार से लगभग 4 किलोमीटर दूर फरसेगढ़ की ओर है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जब जवानों की टुकड़ी सड़क निर्माण स्थल की ओर गश्त कर रही थी, उसी दौरान यह विस्फोट हुआ। ब्लास्ट इतना तीव्र था कि जवान की मौके पर ही शहादत हो गई।
इस हमले को सुरक्षा बलों ने नक्सलियों का कायरतापूर्ण कृत्य बताया है। जवान मनोज पुजारी ग्रामीणों तक विकास की रोशनी पहुँचाने के उद्देश्य से चल रहे सड़क निर्माण कार्य की सुरक्षा में लगे हुए थे। ऐसे कर्मठ और निस्वार्थ जवान को निशाना बनाना माओवादी मानसिकता की बर्बरता और उनके जनविरोधी चरित्र को उजागर करता है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सुरक्षा बलों की अतिरिक्त टुकड़ियाँ रवाना कर दी गई हैं। इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन जारी है। प्रशासन की ओर से बताया गया है कि इस ऑपरेशन की विस्तृत रिपोर्ट अभियान पूर्ण होने के बाद पृथक से जारी की जाएगी।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper