खेल
Trending

आईपीएल 2025 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बनी मुंबई इंडियंस 

वानखेड़े । आईपीएल 2025 के 63वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 59 रनों से हरा दिया। इसी जीत के साथ मुंबई आईपीएल 2025 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई। इससे पहले गुजरात टाइटंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स ने प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई किया था। इस मैच में सूर्यकुमार यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
बुधवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने सूर्यकुमार यादव की अर्धशतकीय पारी के दम पर पांच विकेट खोकर 180 रन बनाए। जवाब में दिल्ली 18.2 ओवर में सिर्फ 121 रन ही बना पाई और ऑलआउट हो गई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली को उसके बल्लेबाजों ने निराश किया। उनके लिए समीर रिजवी ने सर्वाधिक 39 रनों की पारी खेली। इसके अलावा सिर्फ तीन बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छू पाए। इनमें केएल राहुल (11), विप्रज निगम (20) और आशुतोष शर्मा (18) शामिल हैं। मुंबई के खिलाफ मैच में टीम के नियमित कप्तान अक्षर पटेल तबीयत खराब होने की वजह से नहीं खेलने उतरे। उनकी जगह फाफ डुप्लेसिस ने दिल्ली का नेतृत्व किया। वह सिर्फ छह रन बना पाए। इसके अलावा अभिषेक पोरेल ने छह, ट्रिस्टन स्टब्स ने दो, माधव तिवारी ने तीन, कुलदीप यादव ने सात रन बनाए। वहीं, मुस्तफिजुर रहमान खाता भी नहीं खोल पाए जबकि दुष्मंथा चमीरा आठ रन बनाकर नाबाद रहे।
मुंबई के लिए जसप्रीत बुमराह और मिचेल सैंटनर ने तीन-तीन विकेट झटके, जबकि ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर, विल जैक्स और कर्ण शर्मा ने एक-एक सफलता अपने नाम की।
इससे पहले, मुंबई की शुरुआत खराब हुई थी। पूर्व कप्तान रोहित शर्मा सिर्फ पांच रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद विल जैक्स और रेयान रिकेल्टन ने मोर्चा संभालने की कोशिश की, लेकिन जैक्स 13 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हो गए जबकि रिकेल्टन 25 रन बना पाए। तिलक वर्मा ने 27 और हार्दिक पांड्या ने तीन रन बनाए। वहीं, सूर्यकुमार यादव ने 43 गेंदों में सात चौके और छह गगनचुंबी छक्कों की मदद से 73 रनों की नाबाद पारी खेली। इसके अलावा नमन धीर ने आठ गेंदों में दो चौके और इतने ही छक्के की मदद से 24 रन बनाए और नाबाद रहे। आखिरी 12 गेंदों में सूर्यकुमार यादव और नमन धीर ने 48 रन झटके। दिल्ली के लिए मुकेश कुमार ने दो विकेट लिए, जबकि दुष्मंथा चमीरा, मुस्तफिजुर रहमान और कुलदीप यादव को एक-एक सफलता मिली।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper