मध्यप्रदेश
Trending

 Road Accident : तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई , तीन की मौत 

भोपाल । मध्यप्रदेश में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के अनियंत्रित होने से रोज रोज सड़क हादसे हो रहे हैं। ताजा मामला राजधानी भोपाल का है जहां सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है। हादसा बैरागढ़ में एक तेज रफ्तार कार के पेड़ से टकराने पर हुआ।

दरअसल हादसा गुरुवार देर रात भोपाल हाइवे पर भैंसाखेड़ी के पास खजूरी थाना क्षेत्र का है। मृतकों की पहचान प्रीत आहूजा, विशाल डाबी और पंकज सिसोदिया के रूप में हुई है। प्रीत कपड़े की दुकान चलाता था। विशाल उसी की दुकान में काम करता था। परिजनाें ने बताया कि चारों युवक सीहोर के दरबार होटल में खाना खाने गए थे। लौटते समय इंदौर-भोपाल हाईवे पर कार पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। गाड़ी प्रीत चला रहा था। विशाल उसके बगल वाली जबकि राहुल और कमलेश पीछे की सीट पर बैठे थे। इस दाैरान चिरायु अस्पताल के पास हादसा हाे गया । प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस और एम्बुलेंस करीब एक घंटे लेट मौके पर पहुंचे। एमपी 04 ईए 6004 नंबर की पोलर व्हाइट कलर की हुन्डई वेन्यू कार मृतक प्रीत आहूजा के भाई कमलेश आहूजा के नाम पर रजिस्टर्ड है। हादसे में घायल राहुल कंडारे को चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

इस दौरान एंबुलेंस चालक की असंवेदनशीलता भी सामने आई है। एंबुलेंस चालक घायलों और मृतकों के अस्पताल ले जाने में देरी कर दी। मौके पर पहुंचकर भी बहुत देर तक खड़ा रहा। लोगों के आग्रह के बाद अस्पताल पहुंचाया। लोगों ने उसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया है। वायरल वीडियो में एंबुलेंस चालक बहुत देर तक मूक दर्शक बना और शवों को ले जाने से इंकार करता दिख रहा है।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper