खेल
Trending

आईपीएल 2025 के फाइनल में पहुंचने पर कप्तान पाटीदार ने कहा-हम अपनी योजनाओं को लेकर स्पष्ट थे

मुल्लांपुर । रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) ने गुरुवार को पंजाब किंग्स को आठ विकेट से हराकर आईपीएल 2025 के फाइनल में जगह बना ली है। यह चौथा मौका है जब बैंगलोर की टीम फाइनल में पहुंची है। इस जीत के बाद कप्तान रजत पाटीदार ने प्रशंसकों का आभार जताते हुए कहा कि टीम जहां खेलती है, ऐसा लगता है जैसे अपने होम ग्राउंड पर हों। कृपया ऐसे ही समर्थन करते रहिए।

मैच के बाद कप्तान रजत पाटीदार ने गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा,”हम अपनी योजनाओं को लेकर स्पष्ट थे, खासकर गेंदबाजी में। तेज गेंदबाजों ने पिच का अच्छे से इस्तेमाल किया। सुयश ने भी बहुत अच्छी लाइन-लेंथ में गेंदबाजी की। मैं उसके रोल को लेकर हमेशा स्पष्ट रहता हूं – उसे सिर्फ स्टंप्स पर निशाना लगाना होता है। उसकी गूगली पढ़ना बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं होता। मैं उसे ज्यादा निर्देश नहीं देता, ताकि वह कंफ्यूज न हो।”

पाटीदार ने आगे कहा, “फिल सॉल्ट जिस अंदाज़ में शुरुआत देते हैं, वह देखने लायक होता है। मैं उनका बहुत बड़ा फैन हूं। आरसीबी फैंस का हमेशा शुक्रगुज़ार हूं – हम जहां भी खेलते हैं, ऐसा लगता है जैसे अपने होम ग्राउंड पर खेल रहे हों। कृपया इसी तरह हमारा समर्थन करते रहिए।”

56 रन की नाबाद पारी खेलने वाले फिल सॉल्ट ने कहा,”बहुत अच्छा महसूस हो रहा है। गेंद थोड़ी मूव हो रही थी, लेकिन ये इस सीजन की सबसे खराब पिच नहीं थी। मेरे दिमाग में एक ही बात चल रही थी – ‘अर्शदीप से आउट मत होना’। वह लीग स्टेज में दो बार मुझे अलग-अलग तरीके से आउट कर चुका है, इसलिए बस बॉल पर रिएक्ट करने पर ध्यान था।”

उन्होंने आगे कहा, “मैंने मैच से पहले कोच एंडी फ्लावर से कहा था कि सफर और ब्रेक शायद हमारे लिए फायदे का सौदा बनें। अब इस जीत से हमें जरूरी मोमेंटम मिल गया है, जो टूर्नामेंट के इस चरण में बेहद अहम है।” प्लेयर ऑफ द मैच रहे लेग स्पिनर सुयश शर्मा ने 4 ओवर में 3 विकेट लेकर पंजाब की कमर तोड़ दी।

उन्होंने कहा,”मैंने बस वही किया जो कोच ने प्लान दिया था। आज गेंदबाजी करते समय बहुत अच्छा महसूस कर रहा था। मुझे लगा कि कोई भी मेरी गूगली नहीं पढ़ पा रहा था, जिससे आत्मविश्वास बढ़ गया। हमने इसे एक सामान्य मैच की तरह लिया और सेमीफाइनल जैसा दबाव खुद पर नहीं डाला।” उन्होंने यह भी कहा, “मुझे टीम में एक ही रोल दिया गया है, स्टंप्स पर अटैक करना।”

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper