
सूखे कुएं में मिला तीन माह का नवजात, रोने की आवाज सुनकर राहगीर ने देखा, जाने कहां का है मामला
सतना । मध्यप्रदेश के सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र स्थित एक सूखे कुएं में रविवार सुबह एक तीन माह का नवजात मिला। स्थानीय लोगों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने नगर निगम की टीम की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद मासूम को बाहर निकाला। बच्चे को जिला अस्पताल में रखा गया है, जहां उसका उपचार जारी है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर बच्चे के माता-पिता की तलाश कर रही है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कोलगवां निवासी डॉक्टर सुधीर जैन ने बताया कि रविवार सुबह करीब 6 बजे वह रोज की तरह वार्ड नंबर 23 संग्राम कालोनी में कुशवाहा डेयरी से दूध लेने जा रहे थे। इस दौरान इंडियन बैंक के पास उन्होंने कुएं से किसी डॉगी के भौंकने की आवाज सुनी। इसके बाद जब उन्होंने कुएं में झांका तो बच्चा दिखाई दिया, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना के बाद मौके पर पुलिस और नगर निगम की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान एक फायर कर्मी को रस्से के सहारे कुएं में उतारा गया और स्थानीय लोगों की मदद से सुबह करीब 7 बजे बच्चे को सकुशल बाहर निकाला इसके बाद डॉगी को भी बाहर निकाला गया। घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
कोलगवां टीआई सुदीप सोनी ने बताया कि सुबह कुएं से बच्चे के रोने की आवाज सुनकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर नगर निगम टीम और स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को सकुशल बाहर निकाला गया। 3 माह का बच्चा किसका है और वह कुएं में कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है।

