मध्यप्रदेश
Trending

अहमदाबाद प्लेन क्रैश में इंदौर की हरप्रीत कौर की माैत, पति का जन्मदिन मनाने लंदन जा रही थी

इंदौर । गुजरात के अहमदाबाद में हुआ विमान हादसा कई परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दर्द दे गया। इस हादसे के वक्‍त विमान में क्रू मेंबर सहित 242 लोग सवार थे। इनमें से 241 लाेगाें की माैत हाे गई। इन्हीं यात्रियों में इंदौर के होरा परिवार की बहू हरप्रीत कौर भी शामिल है। प्लेन क्रैश हादसे में इंदौर की हरप्रीत कौर होरा की भी जान चली गई।

जानकारी के मुताबिक इंदौर के राजमोहल्ला में रहने वाले हाेरा परिवार की बहू हरप्रीत (30) अपने मायके अहमदाबाद से लंदन जा रही थीं। उनका सीट नंबर 22 ई था। हरप्रीत लंदन में अपने पति रॉबी हाेरा का जन्मदिन मानाने जा रही थी। 16 जून को उसके पति का बर्थडे है। रॉबी होरा लंदन में क्लाउड आर्किटेक के पद पर कार्यरत है। वहीं इस हादसे के बाद होरा परिवार गम में डूब गया है। रॉबी के चाचा राजेंद्र सिंह होरा ने बताया कि रॉबी लंदन से आज इंदौर पहुंच रहे हैं और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ आज शाम अहमदाबाद जाएंगे। हरप्रीत का मायका अहमदाबाद में है। वह लंदन जाने से पहले यहां अपने पिता से मिलने आई थीं। पहले उनका टिकट 19 जून के लिए बुक था, लेकिन 16 जून को पति का जन्मदिन होने की वजह से उन्होंने आखिरी समय में गुरुवार की फ्लाइट ली, जो हादसे का शिकार हो गई।

रॉबी होरा के जीजा मनप्रीत छाबड़ा ने कहा कि, ‘हरप्रीत दिसंबर में आखिरी बार इंदौर आई थी। वह बेंगलुरु की एक आईटी कंपनी में जॉब करती थी जबकि रॉबी लंदन की आईटी कंपनी में क्लाउड आर्किटेक्ट हैं। उनकी शादी 2020 में हुई थी। बच्चे नहीं हैं।’ ससुर हरजीत ने बताया कि फैमिली के वॉट्सएप ग्रुप पर परिवार वालों ने हरप्रीत को सफर के लिए शुभकामनाएं दी थीं। टीवी के जरिए कल दोपहर में हादसे की जानकारी लगी। पति के जन्मदिन से कुछ दिन पहले पत्नी का इस तरह से दुनिया को अलविदा कहना पूरे परिवार के लिए किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। इस विमान हादसे की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper