
नई दिल्ली। भारत बनाम इंग्लैंड पहले टेस्ट के लिए टीम इंडिया की तैयारी अब लगभग आखिरी चरण में है। इस बीच भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने भारत की प्लेइंग इलेवन पर बात की है।
भारतीय टीम इस वक्त इंग्लैंड के दौरे पर है। पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 20 जून से होना है। इसमें अब कुछ ही घंटे बाकी हैं। इस बीच सीरीज से पहले सबसे बड़ा सवाल यही है कि पहले टेस्ट में भारत की प्लेइंग इलेवन क्या होगी। दरअसल विराट कोहली और रोहित शर्मा के टेस्ट रिटायरमेंट के बाद ये मामला सबसे ज्यादा सुर्खियों में रहा। अब जल्द ही इससे पर्दा हट जाएगा। इस बीच टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने पहले मैच के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन बनाई है। साथ ही उन्होंने ये भी बताया है कि किस बल्लेबाज को किस नंबर पर बल्लेबाजी करनी चाहिए।
यशस्वी जायसवाल के साथ केएल राहुल को करनी चाहिए ओपनिंग
टीम इंडिया के हेड कोच रहे रवि शास्त्री का मानना है कि यशस्वी जायसवाल के साथ पारी का आगाज केएल राहुल को करना चाहिए। शास्त्री ने आईसीसी रिव्यू से बात करते हुए कहा कि ये एक बड़ा दौरा है, इसलिए जायसवाल के साथ राहुल को ही ओपन करना चाहिए। शास्त्री ने याद किया कि इससे पहले जब टीम इंडिया इंग्लैंड के दौरे पर आई थी, तब राहुल ने अच्छी बल्लेबाजी की थी। इस बार इसका फायदा उन्हें मिल सकता है।
तीसरे नंबर के लिए रवि शास्त्री ने की सुदर्शन की वकालत
नंबर तीन पर बल्लेबाजी को लेकर रवि शास्त्री ने कहा कि इसके लिए साई सुदर्शन सबसे अच्छे और बेहतर विकल्प हो सकते हैं। रवि शास्त्री ने कहा कि सुदर्शन युवा हैं और सबसे बड़ी बात ये है कि वे प्रतिभाशाली भी हैं। साई सुदर्शन इस वक्त केवल 23 साल के हैं और आईपीएल में अभी हाल ही मे जबरदस्त बल्लेबाजी करके आ रहे हैं। कप्तान शुभमन गिल के बल्लेबाजी नंबर की बात करते हुए शास्त्री ने कहा कि खुद कप्तान को नंबर चार पर बल्लेबाजी के लिए आना चाहिए।
नंबर 5 पर बल्लेबाजी के लिए आना चाहिए करुण नायर को
रवि शास्त्री को लगता है कि इसके बाद नंबर 5 पर करुण नायर को बल्लेबाजी के लिए आना चाहिए। करुण नायर करीब आठ साल बाद एक बार फिर से भारतीय टीम में वापसी कर रहे हैं। उनके लिए ये सीरीज काफी अहम होगी। वे इससे पहले इंग्लैंड के ही खिलाफ टेस्ट में तिहरा शतक लगा चुके हैं। अब वे वापसी के बाद कैसे खेलत हैं, ये देखना दिलचस्प होगा। इसके बाद छठे नंबर के लिए रवि शास्त्री ने ऋषभ पंत को चुना है, जो कीपिंग के साथ बतौर बल्लेबाज अहम भूमिका अदा करेंगे।
नितीश और शार्दुल में से एक चुन पाना मुश्किल
इसके बाद मामला फंसा हुआ है। शार्दुल ठाकुर और नितीश कुमार रेड्डी में से कौन खेलेगा और कौन नहीं, इसका जवाब शायद रवि शास्त्री के भी पास नहीं है। उन्होंने कहा कि इन दोनों में मुकाबला है। इसके लिए उन्होंने एक रास्ता भी सुझाया है। उनका कहन है कि देखना होगा कि कौन कितनी गेंदबाजी कर सकता है। अगर नितीश कुमार रेड्डी 12 से 14 ओवर की गेंदबाजी कर पाते हैं तो उन्हें मौका दिया जा सकता है। वे बल्लेबाजी में रन भी बनाने की क्षमता रखते हैं। तीन तेज गेंदबाजों को लेकर रवि निश्चिंत दिखे। उन्होंने कहा कि जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा पहली च्वाइस के गेंदबाज होंगे। उनका कहना है कि अगर मैच के दिन बादल होते हैं तो प्रसिद्ध कृष्णा की जगह पर अर्शदीप सिंह को भी चुना जा सकता है।

