उत्तराखण्ड
Trending

उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते चारधाम यात्रा अगले 24 घंटे के लिए स्थगित

उत्तराखंड। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी वर्षा के चलते चारधाम यात्रा को एक दिन के लिए रोक दिया गया है।
गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। प्रशासन ने सभी जिलों को अलर्ट पर रखा है और राहत कार्य जारी हैं। वहीं रविवार और सोमवार के लिए भारी बारिश का अलर्ट है। इसको देखते हुए 24 घंटे के लिए यात्रा रोकी गई है।
उन्होंने कहा कि यात्रियों की जानमाल की सुरक्षा के मद्देनजर यह एहतियाती कदम उठाया गया है, ताकि मार्गों पर फंसे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा सके। संबंधित जिलों के प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है। राहत एवं बचाव दलों को सक्रिय किया गया है।
विनय शंकर पांडेय ने बताया कि आगे की यात्रा को लेकर निर्णय कल मौसम की स्थिति और मार्गों की समीक्षा के पश्चात लिया जाएगा। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और मौसम सामान्य होने तक यात्रा स्थलों की ओर प्रस्थान न करें।
बता दें कि जनपद रुद्रप्रयाग की सीमा से होकर गुजरने वाला बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग सिरोबगड़ के पास मलबा-पत्थर आने के कारण मार्ग बाधित चल रहा है। कार्यदायी संस्था के स्तर से मार्ग को खोले जाने के प्रयास जारी हैं। रुद्रप्रयाग जिले में लगातार वर्षा हो रही है।
श्रीनगर डैम प्राधिकरण की तरफ से जानकारी दी गई है कि 27 जून की देर रात से अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों में अत्यधिक जल प्रवाह के कारण श्रीनगर डैम में भारी मात्रा में मलबा और कचरा एकत्र हो गया है। इस स्थिति के प्रबंधन के लिए 29 जून को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक डैम के गेट से लगभग 2500 से 3000 क्यूसेक पानी छोड़ा जाएगा, जिसके साथ मलबा और कचरा भी निकलेगा। इस दौरान सभी को सतर्क करने की सलाह दी गई है।

news desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button