
रायपुर । राजधानी रायपुर में मोबाइल छीनकर फरार होने वाले दो शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से 5 मोबाइल फोन और एक दोपहिया वाहन बरामद किया गया है, जिसकी कुल कीमत लगभग 1.5 लाख रुपये आंकी गई है। यह कारर्वाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना देवेंद्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
घटना 23 जुलाई को दोपहर 11:30 बजे की है, जब बसंत कुमार ओगरे स्टेशन रोड जा रहे थे। वह देवेंद्र नगर के वंडर किड्स प्ले स्कूल के पास खड़े होकर अपने भाई से मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक पीछे से आए और उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। शिकायत पर थाना देवेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 131/25, धारा 304, 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, साथ ही मुखबिरों की मदद से दोपहिया वाहन की पहचान और आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान टीम को गुढिय़ारी निवासी रोहन क्षत्री के घटना में संलिप्त होने की सूचना मिली। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने साथी करन सोना के साथ मिलकर मोबाइल स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देना कबूल किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी रायपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पहले भी 4 अन्य मोबाइल स्नैचिंग की घटनाएं कर चुके हैं। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 5 मोबाइल फोन और वारदात में उपयोग की गई बाइक जब्त कर ली।
इस पूरे आपरेशन में देवेंद्र नगर थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र एसैया, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट प्रभारी परेश कुमार पांडेय, प्रधान आरक्षक रविकांत पांडेय, आरक्षक प्रमोद बेहरा, कलेश्वर कश्यप, महेंद्र पाल साहू, राजकुमार देवांगन, विजय बंजारे और उनि. देवेंद्र बंजारे की अहम भूमिका रही।

