देश-विदेश

अफगानिस्तान में भूकंप: 7 की मौत और 100 से ज्यादा घायल

काबुल। अफगानिस्तान में 6.3 की तीव्रता से भूकंप के झटके महसूस किए गए। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सोमवार सुबह उत्तरी अफगानिस्तान में 6.3 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। इसमें कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक घायल हो गए। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने अपने पेजर सिस्टम के माध्यम से ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

यूएसजीएस ने चेतावनी दी गई कि बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने की संभावना है और आपदा संभावित रूप से व्यापक हो सकती है। बता दें, पेजर सिस्टम एक स्वचालित उपकरण है, जो भूकंप के संभावित प्रभाव का आकलन करता है। यूएसजीएस के अनुसार, भूकंप लगभग 523,000 की आबादी वाले शहर मजार-ए-शरीफ के पास 28 किमी (17.4 मील) की गहराई पर आया। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है। वहीं रेस्क्यू ऑपरेशन के वीडियो, ढही हुई इमारतों और बिखरे हुए मलबे की तस्वीरें, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

जीएफजेड जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज के अनुसार, इससे पहले 23 सितंबर को दक्षिण-पूर्वी अफगानिस्तान में 4.9 तीव्रता का भूकंप आया था। भूकंप का केंद्र 10 किमी की उथली गहराई पर स्थित था, जिसका निर्देशांक 34.48 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 70.71 डिग्री पूर्वी देशांतर था।

2021 में सत्ता संभालने के बाद से, तालिबान सरकार को कई विनाशकारी भूकंपों का सामना करना पड़ा है। इनमें 2023 में ईरानी सीमा के पास पश्चिमी हेरात क्षेत्र में आया भूकंप भी शामिल है। 2023 के इस भूकंप में 1,500 से ज्यादा लोग मारे गए थे और 63,000 से ज्यादा घर नष्ट हो गए।

इसके बाद इस साल 31 अगस्त को देश के पूर्वी हिस्से में एक और बड़ा भूकंप आया था, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6 मापी गई। इसमें 2,200 से ज्यादा लोग मारे गए, जिससे यह हाल के अफगान इतिहास का सबसे घातक भूकंप बन गया। अफगानिस्तान यूरेशियन और भारतीय टेक्टोनिक प्लेटों के बीच टकराव वाले क्षेत्र में स्थित है, जिसके दक्षिण में अरब प्लेट का भी प्रभाव पड़ता है, जो इसे दुनिया के सबसे भूकंपीय रूप से सक्रिय क्षेत्रों में से एक बनाता है।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper