हरमनप्रीत कौर का रिकॉर्ड टूटा, स्मृति मंधाना T20I में भारत की नई सिक्सर क्वीन बनी

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय महिला क्रिकेट में स्मृति मंधाना का नाम लगातार नए कीर्तिमान जोड़ता जा रहा है। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और निरंतर प्रदर्शन के लिए पहचानी जाने वाली इस बाएं हाथ की ओपनर ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। श्रीलंका के खिलाफ खेले गए मुकाबले में मंधाना ने भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर का लंबे समय से चला आ रहा रिकॉर्ड तोड़ते हुए भारत के लिए महिला T20I में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने वाली बल्लेबाज बनकर नई सिक्सर क्वीन बन गई है।
श्रीलंका के खिलाफ रिकॉर्डतोड़ पारी
रविवार, 28 दिसंबर को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए चौथे T20I मुकाबले में स्मृति मंधाना ने पारी की शुरुआत करते हुए शानदार बल्लेबाज़ी का प्रदर्शन किया। उन्होंने 48 गेंदों में 80 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और तीन गगनचुंबी छक्के शामिल थे। इसी पारी के दौरान लगाए गए उनके दूसरे छक्के ने उन्हें भारतीय महिला T20I क्रिकेट की नई “सिक्सर क्वीन” बना दिया।
हरमनप्रीत कौर का रिकॉर्ड हुआ पीछे
इससे पहले यह रिकॉर्ड भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर के नाम था। हरमनप्रीत ने 186 T20I मैचों में कुल 78 छक्के लगाए थे और लंबे समय तक इस सूची में शीर्ष पर बनी हुई थीं। हालांकि, स्मृति मंधाना ने कम मैच खेलते हुए यह मुकाम हासिल किया। मंधाना ने सिर्फ 157 T20I मैचों में ही 80 छक्के जड़ दिए, जिससे उन्होंने हरमनप्रीत को पीछे छोड़ दिया और अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी का एक और प्रमाण दिया।
भारतीय महिला T20I में सबसे ज्यादा छक्के
भारतीय महिला T20I क्रिकेट में छक्के लगाने के मामले में स्मृति मंधाना अब शीर्ष पर पहुंच गई हैं। इस सूची में उनके बाद हरमनप्रीत कौर, शेफाली वर्मा, ऋचा घोष और जेमिमा रोड्रिग्स जैसे नाम शामिल हैं। यह आंकड़े दिखाते हैं कि मंधाना न सिर्फ निरंतर रन बनाती हैं, बल्कि बड़े शॉट खेलने में भी सबसे आगे हैं।
भारत के लिए महिला T20I में सर्वाधिक छक्के
स्मृति मंधाना: 157 मैच, 4102 रन, 80 छक्के
हरमनप्रीत कौर: 186 मैच, 3716 रन, 78 छक्के
शेफाली वर्मा: 94 मैच, 2457 रन, 69 छक्के
ऋचा घोष: 71 मैच, 1108 रन, 39 छक्के
जेमिमा रोड्रिग्स: 115 मैच, 2479 रन
वर्ल्ड लेवल पर कहां खड़ी हैं मंधाना
महिला T20I क्रिकेट में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने का विश्व रिकॉर्ड वेस्टइंडीज की ऑलराउंडर डिएंड्रा डॉटिन के नाम दर्ज है। डॉटिन ने 138 मैचों में 129 छक्के लगाए हैं। उनके बाद न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन और श्रीलंका की कप्तान चमारी अथापथु का नाम आता है। स्मृति मंधाना अब इस वैश्विक सूची में चौथे स्थान पर पहुंच चुकी हैं और आगे बढ़ने की पूरी क्षमता रखती हैं।
डिएंड्रा डॉटिन – वेस्ट इंडीज – 129 छक्के
सोफी डिवाइन – न्यूजीलैंड – 114 छक्के
चमारी अथापत्थु – श्रीलंका – 95 छक्के
स्मृति मंधाना – भारत – 80 छक्के
हरमनप्रीत कौर – भारत – 78 छक्के

