देश-विदेश
Trending

पराजय के बाद कमला हैरिस ने समर्थकों से कहा-जनादेश का सम्मान करना चाहिए

वाशिंगटन । संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ऐतिहासिक वापसी के बाद प्रमुख और निकटतम प्रतिद्वंद्वी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस अपने समर्थकों के बीच बेहद भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि हम सबको जनादेश का सम्मान करना चाहिए।

पराजय के बाद वॉशिंगटन डीसी स्थित हावर्ड यूनिवर्सिटी में अपने पहले भाषण में हैरिस ने समर्थकों से डोनाल्ड ट्रंप की जीत को स्वीकार करने का आग्रह किया। इस दौरान वो थोड़ा भावुक हुईं। उन्होंने कहा कि अपने आदर्शों के लिए कभी हार मत मानो। इस दौरान हैरिस ने कहा कि यकीनन चुनाव का परिणाम वह नहीं, जिसकी उम्मीद थी। अब सत्ता का हस्तांतरण खुशी के साथ शांतिपूर्ण होना चाहिए। हैरिस ने समर्थकों से कहा कि इस हार से किसी को भी निराश होने की जरूरत नहीं।

कमला हैरिस अपने कैंपेन सॉन्ग के साथ मंच पर पहुंचीं। फिर अपने रनिंग मेट मिनेसोटा के गवर्नर टिम वाल्ज, कैंपेन स्टाफ, समर्थकों, पोल वर्कर्स और चुनाव अधिकारियों का आभार जताया। उनके भाषण के दौरान कई समर्थक आंसू पोंछते नजर आए। हैरिस ने कहा कि उन्हें मालूम है कि आपमें से कई लोग अभी भी भावनाओं में बह रहे हैं। वह स्वाभाविक है, लेकिन हम सभी को चुनाव नतीजों का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेशक वह चुनाव हार गई हैं। बावजूद इसके वह चुनाव अभियान के दौरान उठाए गए अपने मुद्दों के लिए लड़ाई जारी रखेंगी।

 

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper