देश-विदेश

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में हथियारबंद हमलावरों ने बस सवार यात्रियाें पर किया हमला, 7  की माैत

क्वेटा । पाकिस्तान के बलूचिस्तान के बरखान जिले में एक बस पर हमलावरों ने गोलीबारी की और बस से उतार कर कम-से-कम 7 यात्रियों की हत्या कर दी। मारे गए सभी यात्री पंजाब के विभिन्न हिस्सों के रहने वाले थे। हमला मंगलवार देर रात हुआ। बरखान सहायक आयुक्त (एसी) खादिम हुसैन ने बुधवार सुबह इसकी पुष्टि की।

जियो न्यूज के मुताबिक हथियारबंद हमलावरों ने मंगलवार देर रात बलूचिस्तान के बरखान जिले में एक बस पर गोलीबारी की और बाद में बस से उतार कर 7 यात्रियों की हत्या कर दी। हमला रारकन इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जहां अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने एक यात्री बस को रोका और हवा में गोलियां चलाईं। इसके बाद बंदूकधारी बस में चढ़े, यात्रियों के पहचान पत्रों की जांच की और 7 लोगों को जबरन पास के एक पहाड़ पर ले गए। कुछ ही देर बाद गोलियों की आवाज सुनाई दी। सुरक्षाबल के जवानों के घटनास्थल पर पहुंचने पर अपहृत यात्रियों के शव पहाड़ी इलाके से मिले। मृतक पंजाब के विभिन्न शहरों के रहने वाले थे।

बस सेवा कार्यालय के अनुसार, बस क्वेटा से फैसलाबाद जा रही थी और उसमें कम से कम 45 यात्री सवार थे। हमलावरों की संख्या करीब 10-12 थी और सभी अत्याधुनिक हथियारों से लैस थे। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि आतंकवादी निर्दोष और निहत्थे नागरिकों को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि शांति के दुश्मनों का यह कायरतापूर्ण हमला असहनीय है।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper