Asian Games 2026: एथलेटिक्स में भारत का खुला खाता, सीमा ने 10,000 मीटर में जीता ब्रॉन्ज

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय एथलेटिक्स के लिए अच्छी खबर सामने आई है। महिला एथलीट सीमा कुमारी ने 10,000 मीटर फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। उन्होंने रेस में तीसरे स्थान पर रहते हुए भारत को एथलेटिक्स का पहला पदक दिलाया।
सीमा कुमारी शुरुआत से ही लीड ग्रुप में बनी हुई थीं। रेस के दौरान उन्होंने बहरीन की विनफ्रेड यावी और जापान की नोजोमी तनाका को कड़ी टक्कर दी। हालांकि अंतिम चरण में वह दोनों से पीछे रह गईं और तीसरे स्थान पर रेस पूरी की।
10,000 मीटर में 16 साल बाद भारत को मेडल
सीमा का यह पदक इसलिए भी खास है क्योंकि एशियन गेम्स के 10,000 मीटर महिला वर्ग में भारत को करीब 16 साल बाद मेडल मिला है। इससे पहले 2010 के एशियन गेम्स में भारत ने इस इवेंट में दो पदक जीते थे।
2010 में प्रीजा श्रीधरन ने 31:50.47 के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता था, जबकि कविता राउत ने 31:51.44 की टाइमिंग के साथ सिल्वर अपने नाम किया था।
यावी ने जीता गोल्ड, तनाका को सिल्वर
महिला 10,000 मीटर फाइनल में बहरीन की विनफ्रेड यावी ने 32:39.18 के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता। जापान की नोजोमी तनाका 32:41.54 की टाइमिंग के साथ दूसरे स्थान पर रहीं और सिल्वर मेडल हासिल किया।
रेस के आखिरी 200 मीटर में यावी ने अपनी गति बढ़ाते हुए बढ़त बनाई और गोल्ड अपने नाम किया। वहीं, घरेलू दर्शकों के सामने दौड़ रही तनाका ने सिल्वर मेडल हासिल किया।
एथलेटिक्स में भारत का पहला पदक
सीमा कुमारी के ब्रॉन्ज के साथ एशियन गेम्स 2026 में भारत के एथलेटिक्स अभियान का खाता खुल गया है। सीमा लंबे समय से 5000 मीटर और 10,000 मीटर स्पर्धाओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके प्रदर्शन के बाद अब एशियन गेम्स में भी उन्होंने पदक जीतकर अपनी उपलब्धियों में एक और बड़ी कामयाबी जोड़ ली है।
सीमा का यह प्रदर्शन भारतीय एथलेटिक्स के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है और 10,000 मीटर में 16 साल बाद मिला यह पदक उनके करियर की खास उपलब्धियों में शामिल हो गया है।

