
दतिया में नरोत्तम मिश्रा समर्थकों पर बड़ा एक्शन, हिंसा मामले में 27 नेताओं पर FIR दर्ज
मध्य प्रदेश के दतिया में नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इन लोगों ने पूर्व मंत्री का टिकट कटने के बाद जमकर हंगामा किया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 27 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ पथराव, आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई के बाद दतिया की सियासत में हलचल तेज हो गई है। वहीं, नरोत्तम मिश्रा ने अपने समर्थकों से शांत रहने की अपील की है। दतिया विधानसभा उपचुनाव के दौरान हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अक्कू दुबे, राजू गुगौरिया, अनूप यादव, विपिन पाठक, लला रजक, प्रशांत दांगी, अतुल भूरे, प्रदीप यादव, भानु ठाकुर, बृजेश दुबे, मान सिंह कुशवाहा, विजय झंडा, आकाश भार्गव, लवकुश गुर्जर, शंकर गुर्जर, अमित परिहार, करण जाटव, सुनील दुबे, अंशुल यादव, कृष्णा दुबे, प्रदीप गुर्जर, अजय रजक, भैया दुबे, वीरपाल गुर्जर, नियुक्त नागर, कमलेश चौबे और जितेंद्र कमरिया के खिलाफ कोतवाली थाना, दतिया में एफआईआर दर्ज की है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मैं लोगों की सेवा करता रहूंगा- नरोत्तम मिश्रा
नरोत्तम मिश्रा ने टिकट कटने पर भोपाल में कहा, “मैंने तब भी कहा था और अब भी कहता हूं। मैं लोगों की सेवा करता रहूंगा। दतिया के लोग मेरे अपने हैं और मैं उन्हें छोड़ने वाला नहीं हूं। पार्टी बताएगी कि मुझे दतिया उपचुनाव के लिए टिकट क्यों नहीं दिया गया। मेरा मानना है कि अगर मेरी तरफ से कोई कमी है, तो मैं आत्मनिरीक्षण करूंगा और उसे ठीक करने की कोशिश करूंगा।” इससे पहले उन्होंने कहा था, “हम वर्कर्स को मना लेंगे। ये हमारे वर्कर्स हैं, हमारे अपने लोग हैं। सब मान जाएंगे। मुझे किसी से कोई नाराजगी नहीं है। कौन कह रहा है कि इसे (उम्मीदवार) बदलो? मैंने कुछ नहीं कहा। पार्टी जो कहेगी मैं वही करूंगा। मुझे किसी से कोई नाराजगी नहीं है। मैं उनके (दांतिया कैंडिडेट) नॉमिनेशन में जाऊंगा। मैं सबसे इस पर बात करूंगा। मैं किसी से नाराज नहीं हूं।”
बीजेपी ने आशुतोष तिवारी को बनाया उम्मीदवार
दतिया विधानसभा उप चुनाव के लिए बीजेपी ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। इस सीट से नरोत्तम मिश्रा तीन बार विधायक रह चुके हैं। हालांकि, 2023 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। कांग्रेस उम्मीदवार ने उन्हें लगभग 7000 वोट से हराया था। बाद में कांग्रेस विधायक को पुराने मामले में सजा हो गई और उनकी विधायकी रद्द हो गई। इसी वजह से यहां उपचुनाव हो रहा है। उपचुनाव में नरोत्तम का टिकट काट दिया गया है।
अब लैपटॉप बंद होने के बाद भी करेगा काम! Claude Cowork AI वेब और मोबाइल पर हुआ लॉन्च
प्रदेश अध्यक्ष ने किया जीत का दावा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि दतिया उप चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने आशुतोष तिवारी जी को उम्मीदवार बनाया है। वहां पर कुछ लोगों ने आवेश में इस्तीफे दिए हैं। ऐसा मेरी जानकारी में आया है। मुझे कोई भी इस्तीफा नहीं मिला है। भारतीय जनता पार्टी संगठन ने तय किया है कि हम किसी भी कार्यकर्ता का इस्तीफा स्वीकार नहीं करेंगे और हमारे वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा जी जो हमारी पार्टी के सम्मानित नेता है, उनके मार्गदर्शन में दतिया चुनाव भारी बहुमत से जीतेंगे।

