नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की और राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
शपथ ग्रहण के पांच दिनों बाद बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली पहुंचे और प्रधानमंत्री से शिष्टाचार मुलाकात की। मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रधानमंत्री से यह उनकी पहली मुलाकात थी। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, बैठक के दौरान राज्य में चल रही विकास परियोजनाओं और भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा की गई।
मुलाकात की तस्वीरें शेयर कर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री से “विकसित भारत और समृद्ध बिहार” के विजन पर मार्गदर्शन प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का स्नेह और सहयोग बिहार की प्रगति को नई गति प्रदान कर रहा है।
सम्राट चौधरी ने बीते 15 अप्रैल को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ जदयू से विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली थी। नई सरकार गठन के बाद अब कैबिनेट विस्तार पर सबकी नजर है। ऐसा माना जा रहा है कि जल्द ही सम्राट चौधरी अपनी कैबिनेट का विस्तार करेंगे।