UP चुनाव 2027 के लिए BJP का मथुरा में महामंथन, CM योगी समेत 45 दिग्गज जुटे; अमित शाह से भी कर सकते हैं मुलाकात

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में पार्टी का बड़ा चुनावी मंथन चल रहा है। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत बीजेपी के करीब 45 वरिष्ठ नेता शामिल हो रहे हैं। दोनों उपमुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री बीएल संतोष और यूपी चुनाव प्रभारी विनोद तावड़े भी बैठक में मौजूद हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी इस मंथन में शामिल हो रहे हैं।
अमित शाह से मिल सकते हैं CM योगी
मथुरा में बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिल्ली रवाना होने की खबर है। सूत्रों के मुताबिक, वे शाम को दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात कर सकते हैं। इस दौरान बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनकी मुलाकात की संभावना जताई जा रही है।
मथुरा में चल रही बैठक में चुनावी रणनीति, टिकट वितरण, सोशल मीडिया अभियान, विपक्ष के PDA नैरेटिव का मुकाबला और SIR के दौरान मतदाता सूची से कटे नामों जैसे मुद्दों पर चर्चा हो रही है। इसके अलावा सत्ता और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
BJP के मथुरा मंथन के प्रमुख मुद्दे
बैठक के पहले दिन पार्टी ने आगामी चुनाव के लिए राजनीतिक, सामाजिक और संगठनात्मक समीकरणों पर चर्चा की। बीजेपी का फोकस अपने परंपरागत वोट बैंक को एकजुट रखने के साथ पिछड़े और दलित वर्गों तक पहुंच मजबूत करने पर है।
पार्टी की रणनीति में बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाना, पन्ना प्रमुख व्यवस्था को मजबूत करना और सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना भी शामिल है।
केशव मौर्य ने दिया मथुरा का सियासी संदेश
बैठक के बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का बयान भी चर्चा में है। उन्होंने कहा, “अयोध्या हुई हमारी है, अब मथुरा की बारी है।” इसके साथ ही उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को मथुरा में भव्य कृष्ण मंदिर निर्माण के लिए साथ आकर कारसेवा करने की चुनौती दी।
मौर्य ने मिशन 2027 को लेकर भी दावा किया कि बीजेपी प्रदेश में तीसरी बार बड़े बहुमत से सरकार बनाएगी और अखिलेश यादव के सपने पूरे नहीं होंगे।
मथुरा में हो रही इस बैठक को बीजेपी की आगामी चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अयोध्या और काशी के बाद मथुरा का मुद्दा भी पार्टी की राजनीतिक रणनीति में प्रमुखता से उभरता दिखाई दे रहा है।

