रायपुर के सुयश हास्पिटल में शुरू हुआ सीसीए सेंटर, अमेरिकी ट्यूमर बोर्ड की सलाह से होगा इलाज

रायपुर : राजधानी रायपुर में कैंसर मरीजों के लिए आधुनिक उपचार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। सुयश हॉस्पिटल और कैंसर सेंटर आॅफ अमेरिका (सीसीए) ग्रुप के बीच हुए करार के तहत सुयश हॉस्पिटल में उउअ सेंटर की शुरुआत की गई है। इस सेंटर के माध्यम से कैंसर मरीजों की जांच और उपचार के साथ अमेरिका में संचालित ट्यूमर बोर्ड से विशेषज्ञ परामर्श की सुविधा उपलब्ध होगी। गुरुवार, 10 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम में सेंटर का शुभारंभ सुयश हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. मनोज लाहोटी और सीसीए के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर राजेश मंथाना की मौजूदगी में किया गया। इस अवसर पर दोनों संस्थानों के प्रतिनिधियों ने सेंटर की सुविधाओं और कैंसर उपचार को लेकर अपनी योजनाओं की जानकारी दी। डॉ. मनोज लाहोटी और राजेश मंथाना ने बताया कि रायपुर में शुरू किया गया यह सेंटर देश में सीसीए का पांचवां सेंटर है। यहां कैंसर मरीजों की आधुनिक तकनीक और अत्याधुनिक उपकरणों के माध्यम से जांच एवं उपचार की व्यवस्था की जाएगी। मरीज की बीमारी और उसकी स्थिति का आकलन करने के बाद उपचार की बेहतर रणनीति तैयार करने के लिए अमेरिका में संचालित ट्यूमर बोर्ड से विशेषज्ञों की सलाह ली जाएगी। सीसीए अमेरिका में रह रहे भारतवंशी चिकित्सकों द्वारा स्थापित चिकित्सा समूह है। इसका उद्देश्य भारत में कैंसर मरीजों को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है। रायपुर में सेंटर की स्थापना से छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को कैंसर उपचार के लिए बड़े महानगरों या विदेश जाने की जरूरत कम होने की उम्मीद है। डॉ. मनोज लाहोटी ने कहा कि कैंसर को लेकर लोगों में भय और भ्रम की स्थिति रहती है, लेकिन इससे घबराने की जरूरत नहीं है। कैंसर का समय पर पता लगना और उचित उपचार शुरू होना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सही समय पर जांच और उपचार के माध्यम से बीमारी से प्रभावी ढंग से मुकाबला किया जा सकता है। नए सीसीए सेंटर को छत्तीसगढ़ में कैंसर उपचार के क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा विशेषज्ञता और अंतरराष्ट्रीय परामर्श को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

