अपराध

Crime News: अंबेड़कर अस्पताल में पत्रकार से मारपीट करने वाले तीन गिरफ्तार

रायपुर  । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सबसे बड़े अंबेडकर अस्पताल में मारपीट का मामला सामने आया है। यहां रविवार की देर रात निजी सुरक्षा कंपनी के बाउंसरों ने पत्रकारों के साथ मारपीट की। पत्रकार रायपुर के उरला में हुए चाकूबाजी की घटना के संबंध में घायल युवक से रिपाेर्टिंग के लिए आये थे। इस दाैरान रिपोर्टर को न्यूज बनाने से रोकने के लिए बाउंसराें ने धक्का-मुक्की कर मारपीट शुरु कर दी ।
जानकारी के मुताबिक रविवार की देर रात एक समाचार चैनल के पत्रकार रायपुर के उरला में हुई चाकूबाजी की घटना में घायल शख्स से जुड़ी रिपोर्टिंग करने पहुंचे थे। रिपोर्टर को न्यूज बनाने से रोकने के चक्कर में ड्यूटी पर तैनात कर्मियाें ने धक्का-मुक्की कर मारपीट शुरु कर दी। इसकी खबर मिलते ही रायपुर के अन्य पत्रकार और प्रेस क्लब के पदाधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। यहां भी पत्रकारों के साथ पुलिस के सामने ही धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इस मामले में कार्रवाई नहीं होता देख देर रात बड़ी संख्या में पत्रकार मुख्यमंत्री निवास के सामने एकत्रित हुए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन करने लगे।

धरना प्रदर्शन में बैठे रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष प्रफुल्ल ठाकुर से प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने फोन पर चर्चा की । प्रफुल्ल ठाकुर ने पूरी घटना की जानकारी स्वास्थ्य मंत्री को दी। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पत्रकारों को इस तरह से धमकाने वाले लोगों को मिट्टी में मिला दिया जाएगा, स्वास्थ्य मंत्री से कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद देर रात पत्रकारों ने धरना प्रदर्शन को स्थगित किया। वहीं देर रात तीन लोगों को माैदहापारा पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

इस मामले में अम्बेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने माफी मांगी और मारपीट करने वाले बाउंसर एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया, उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल की सुरक्षा में लगी कॉल मी सर्विस के टेंडर को निरस्त किए जाने की अनुशंसा को सरकार को लिखेंगे, दोबारा अस्पताल में पत्रकारों के साथ ऐसा व्यवहार ना हो यह भी सुनिश्चित करेंगे।

विवाद तब बढ़ा जब अस्पताल में बाउंसर सप्लाई करने वाली एजेंसी का संचालक वसीम नाम का गुंडा पिस्तौल लेकर अस्पताल पहुंचा। वसीम अपने तीन बाउंसर के साथ मिलकर पत्रकारों को धमकाने लगा। वसीम बाबू और उसके दो साथिसों को गिरफ्तार किया गया। खबर है कि वसीम के घर से पिस्तौल और गोलियां भी बरामद की गई हैं।

news desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button