CG News: IPS राजश्री मिश्रा को मिलेगा केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक-2026, ISIS के संदिग्ध ऑनलाइन मॉड्यूल की जांच में निभाई अहम भूमिका

रायपुर : छत्तीसगढ़ कैडर की आईपीएस अधिकारी और आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) की पुलिस अधीक्षक राजश्री मिश्रा को केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक-2026 से सम्मानित किया जाएगा। खुफिया क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (ISIS) की विचारधारा से प्रभावित संदिग्ध ऑनलाइन कट्टरपंथी गतिविधियों की जांच में महत्वपूर्ण योगदान के लिए उनका चयन किया गया है।
खैरा गांव ने रचा देश में इतिहास, 141 घरों में सोलर पैनल लगाकर बना 100 प्रतिशत सोलर गांव
वर्ष 2018 बैच की आईपीएस अधिकारी राजश्री मिश्रा की निगरानी में छत्तीसगढ़ एटीएस ने इस संवेदनशील मामले की करीब छह महीने तक गोपनीय जांच की। इस दौरान तकनीकी निगरानी और मानवीय स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल की गई। जांच में दो नाबालिगों की ऑनलाइन गतिविधियां सामने आईं, जिनके ISIS से प्रेरित प्रचार सामग्री के कथित प्रसार से जुड़े होने के संकेत मिले थे।
अधिकारियों के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए एटीएस ने डिजिटल गतिविधियों की कड़ियों को जोड़ने, खुफिया सूचनाओं की पुष्टि करने और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाने पर विशेष ध्यान दिया। जांच पूरी होने के बाद गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई। वहीं, नाबालिगों से जुड़ी कानूनी प्रक्रिया किशोर न्याय व्यवस्था के निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की गई।
दूसरी बार मिलेगा केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक
राजश्री मिश्रा के लिए यह दूसरा केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक होगा। इससे पहले उन्हें प्रशिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए भी यह सम्मान मिल चुका है। इसके अलावा जनवरी 2026 में उन्हें सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से भी सम्मानित किया गया था।
अर्नब के बाद अब मुरासु का असर! छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम, भारी बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट
राजश्री मिश्रा को मिलने वाला यह सम्मान डिजिटल माध्यमों से फैलने वाली कट्टरपंथी विचारधारा की पहचान, खुफिया सूचनाओं के विश्लेषण और समय रहते प्रभावी कार्रवाई में उनके योगदान को दर्शाता है। साथ ही, यह मामला ऐसे संवेदनशील मामलों में डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के पालन के महत्व को भी रेखांकित करता है।

