CG Teacher Recruitment: छत्तीसगढ़ व्याख्याता भर्ती परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी, जानें डाउनलोड करने का पूरा तरीका

रायपुर। छत्तीसगढ़ में व्याख्याता भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) ने लोक शिक्षण संचालनालय के अंतर्गत व्याख्याता पदों पर भर्ती के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थी 23 नवंबर 2026 से आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा का आयोजन 29 नवंबर 2026 (रविवार) को किया जाएगा।
यह भर्ती परीक्षा हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, भौतिकी, राजनीति शास्त्र, इतिहास, भूगोल और अर्थशास्त्र विषयों के लिए आयोजित की जा रही है। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होगी। परीक्षा के लिए पांच जिलों में केंद्र बनाए गए हैं।
इस तरह डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र डाक के माध्यम से नहीं भेजे जाएंगे। उन्हें ऑनलाइन ही अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करना होगा। इसके लिए उम्मीदवार छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट vyapamcg.cgstate.gov.in या cgssb.cgstate.gov.in पर जाकर अपने प्रोफाइल में लॉगिन कर सकते हैं।
मंडल ने निर्देश दिया है कि प्रवेश पत्र के सभी पन्नों का प्रिंट आउट एक तरफ ही निकालें। प्रत्येक परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र की एक प्रति परीक्षा केंद्र में जमा करनी होगी। इसके अलावा चयन प्रक्रिया के दौरान भी एडमिट कार्ड की आवश्यकता पड़ सकती है, इसलिए इसे सुरक्षित रखना जरूरी है।
परीक्षा में ड्रेस कोड का करना होगा पालन
परीक्षा केंद्र में प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों की जांच की जाएगी। इसके लिए मंडल ने ड्रेस कोड से जुड़े विशेष निर्देश जारी किए हैं।
- अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा में शामिल होना होगा।
- काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनने की अनुमति नहीं होगी।
- बिना पॉकेट वाले सामान्य स्वेटर पहन सकते हैं। हालांकि जांच के दौरान स्वेटर उतारकर सुरक्षा कर्मियों से जांच करानी होगी।
- स्वेटर के लिए हल्के रंग और आधी बांह की कोई अनिवार्यता नहीं रखी गई है।
- फुटवियर में केवल चप्पल पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं।
- कान में किसी भी तरह के आभूषण पहनने की अनुमति नहीं होगी।
धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनकर आने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। ऐसे उम्मीदवारों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ेगा।
सुबह 9:30 बजे बंद हो जाएगा परीक्षा केंद्र का गेट
मंडल ने परीक्षा के समय को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू होगी, लेकिन मुख्य प्रवेश द्वार सुबह 9:30 बजे बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।
पहचान सत्यापन और सुरक्षा जांच की प्रक्रिया को देखते हुए उम्मीदवारों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है। अभ्यर्थियों को परीक्षा से एक दिन पहले अपने परीक्षा केंद्र की स्थिति और पहुंचने का रास्ता देख लेने के लिए भी कहा गया है।
मूल पहचान पत्र के बिना नहीं मिलेगी एंट्री
परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा। इसके लिए मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड या आधार कार्ड में से कोई एक मूल दस्तावेज लेकर पहुंचना होगा। पहचान पत्र की मूल प्रति नहीं होने पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
इसके अलावा परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट और टोपी ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा शुरू होने के पहले आधे घंटे और अंतिम आधे घंटे के दौरान अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष से बाहर जाने की अनुमति भी नहीं होगी।
मंडल ने चेतावनी दी है कि परीक्षा संबंधी निर्देशों का उल्लंघन करने या अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने पर अभ्यर्थियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में अभ्यर्थिता भी समाप्त की जा सकती है।
ध्रुव जुरेल ने हवा में उड़कर लपका हैरतअंगेज कैच, बल्लेबाज भी रह गया हैरान! देखें VIDEO
परीक्षा से जुड़ी समस्या के लिए यहां करें संपर्क
परीक्षा केंद्र या प्रवेश पत्र से संबंधित किसी भी तरह की परेशानी होने पर अभ्यर्थी मंडल की हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक 0771-2972780 या मोबाइल नंबर 8827920164 पर सहायता ली जा सकती है।

