छत्तीसगढ़
Trending

छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र :  सदन में गूंजा लोक निर्माण विभाग संभाग बिलासपुर का विद्युतीकरण पर व्यय राशि का मुद्दा

रायपुर । विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान 13वें दिन आज  विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह के साथ नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने लोक निर्माण विभाग संभाग बिलासपुर द्वारा वार्षिक मरम्मत विद्युतीकरण पर व्यय राशि का मुद्दा उठाया। राघवेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि भवन और स्थानों की जानकारी मांगी थी, लेकिन सिर्फ सेक्शन की जानकारी दी गई है। कितने एग्रीमेंटेड ओर कितने गैर एग्रीमेंटेड उद्योग कराए गए है?
विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि डेढ़ हजार पन्नों का उत्तर प्रश्न काल में पूरा नहीं दिया जा सकता, इसलिए कम से कम शब्दों में जवाब देने की कोशिश करें।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने जवाब में बताया कि 2016-से 2024 की अवधि में 9156 स्थानों के कार्य कराए गए है।दो-तीन कार्यों का बिल ठेकेदार एक ही बार में ले लेता है, इसलिए इसकी इंट्री माप पुस्तिका में होती है। उन्होंने बताया कि कुल इस अवधि में 596 अनुबंधित और 16705 गैर अनुबंधित कार्यों के लिए 32 करोड़ तीन लाख का भुगतान किया गया है।
विधायक राघवेंद्र सिंह ने सवाल किया कि क्या जब भुगतान करते है तो क्या स्थान का नाम उल्लेखित करना अनिवार्य है कि नहीं। इस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि देयक के स्थान का उल्लेख नहीं होता माप पुस्तिका में होता है। इस पर विधायक ने सवाल किया कि आप के ही डिपार्टमेंट से एक नोटिस इशू किया जाता है कि अगर भवनों ओर स्थानों का नाम नहीं दिया जाता तो सभी देयकों को फर्जी माना जाएगा। किन-किन भवनों में क्या-क्या काम संचालित हुआ है, इसकी जानकारी दी जाए। लगभग 100 करोड़ का मामला है. एक भी जानकारी प्रदान नहीं की जा रही है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि अगर किसी सब डिवीजन के बारे में कंप्लेंट है, तो जानकारी दे दें। उस पर जांच कराई जाएगी। इस पर विधायक राघवेंद्र सिंह ने कहा कि कितनी शिकायतें आई है। उस पर क्या एक्शन लिया गया है। वह सवाल भी हटा दिया गया है।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने सवाल किया कि आपने 100 करोड़ का भुगतान कैसे कर दिया। फिर आप लोगों के गाइड लाइन ही क्यों जारी की है। इसकी क्या जरूरत पड़ गई? इस पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि शासकीय राशि का दुरुपयोग ना हो, इसके लिए अधिकारी समय-समय पर जानकारी देते रहते है। आपके नॉलेज के अगर कोई ऐसी कम्पलेंट है, तो आप उपलब्ध कराए कार्यवाही निश्चित ही की जाएगी।
इस पर अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह ने कहा कि इस प्रश्न का उत्तर लंबा है। डेढ़ हजार पन्नों का उत्तर प्रश्न काल में पूरा नहीं दिया जा सकता, इसलिए इससे कम से कम शब्दों में जवाब देने को कोशिश करें, ताकि उत्तर समय से आ जाए। इस पर विधायक राघवेंद्र सिंह ने कहा कि मैने जो प्रश्न पूछा उसका जवाब ही नहीं आया। मैने स्थान की बात की है, लेकिन सेक्शन की जानकारी दे दी जा रही है।
भाजपा विधायक धरम लाल कौशिक ने कहा कि भवन बना ही नहीं होगा। पिछले सरकार के कार्यकाल में ऐसा ही हुआ है। इस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि 1500 पृष्ठों की जानकारी है और भी जानकारी चाहिए तो उपलब्ध करा देंगे।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper