महिला टी-20 टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ की शानदार जीत, जम्मू-कश्मीर को 20 रन से हराया; प्रीति यादव ने झटके 4 विकेट

सूरत। बीसीसीआई द्वारा आयोजित सीनियर वुमेंस टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 में छत्तीसगढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जम्मू-कश्मीर को 20 रनों से हरा दिया। टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ का यह सातवां मुकाबला था, जो 6 नवंबर को सूरत में खेला गया।
मैच में जम्मू-कश्मीर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी छत्तीसगढ़ की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 138 रन बनाए। टीम की ओर से नेहा बड़वाईक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 56 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं कप्तान कृति गुप्ता ने 37 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
जम्मू-कश्मीर की ओर से बिस्माह हसन और संध्या बलकर ने 2-2 विकेट हासिल किए।
139 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जम्मू-कश्मीर की टीम निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 118 रन ही बना सकी। टीम की ओर से चित्रा सिंह और शिवानी गुप्ता ने 41-41 रन बनाए, जबकि जसीया अख्तर 20 रन बनाकर नाबाद रहीं।
छत्तीसगढ़ की ओर से प्रीति यादव ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में महज 8 रन देकर 4 विकेट झटके। उनकी शानदार गेंदबाजी ने मैच का रुख छत्तीसगढ़ के पक्ष में कर दिया।
इस तरह छत्तीसगढ़ की टीम ने जम्मू-कश्मीर को 20 रनों से शिकस्त देकर टूर्नामेंट में शानदार जीत दर्ज की।

