
सब्जियां खाने में बच्चे करते हैं नखरे, इन स्मार्ट तरीकों से कर सकते हैं डाइट में शामिल
Bacchon Ko Sabji Kaise Khilaye: आजकल ज्यादातर माता-पिता की शिकायत रहती है कि उनका बच्चा सब्जियां खाने में नखरे करता है। कई बच्चे हरी सब्जियों को देखते ही मुंह बनाने लगते हैं। ऐसे में उनको जरूरी पोषण नहीं मिल पाता है जिसकी वजह से उनकी हेल्थ प्रभावित होती है। बच्चों को बढ़ती उम्र के साथ विटामिन, मिनरल्स और फाइबर से भरपूर सब्जियों की जरूरत होती है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!अगर आपका बच्चा सब्जियां खाने में नखरे करता है तो कुछ क्रिएटिव और स्मार्ट तरीकों की मदद ली जा सकती है। बच्चों को अगर वहीं सब्जियां नए और अनोखे ढंग से दी जाए तो उनकी खाने में दिलचस्पी बढ़ सकती है। इसके लिए आप नीचे दिए गए कुछ आइडियाज की मदद ले सकते हैं।
खाने को दें यूनिक शेप
बच्चों को अगर डांटकर सब्जियां खिलाई जाए तो वे और ज्यादा नखरे करते हैं और खाना खाने से भी इंकार करते हैं। ऐसे में आप उनके फेवरेट कार्टून कैरेक्टर के शेप के अनुसार खाने को डेकोरेट कर सकते हैं। रंग-बिरंगी सब्जियों से स्माइली, कार्टून या अलग-अलग शेप बनाकर प्लेट में सजाया जा सकता है। इससे बच्चों की खाने के तरफ रुचि बढ़ेगी।
फेवरेट डिश में शामिल करें
बच्चे अगर सीधे तौर पर सब्जियां खाने में नखरे दिखाते हैं तो उनकी पसंदीदा डिश में इन्हें शामिल किया जा सकता है। पास्ता, नूडल्स, पराठा, सैंडविच, पिज्जा आदि में सब्जियों को छोटा-छोटा काटकर शामिल कर सकते हैं जो बच्चे बहुत ही चाव से खाना पसंद करते हैं।
शाम को बनाएं हेल्दी स्नैक्स
बच्चों को शाम के समय हेल्दी स्नैक्स दे सकते हैं। वेज रोल, वेज टिक्की, स्प्राउट्स चाट आदि में गाजर, मूली, टमाटर और मटर जैसी सब्जियों को काटकर डालें। रोजाना कुछ नया तरीका उनके बोरिंग खाने को नया और स्वादिष्ट बना सकता है।
रोटी या पराठे में मिलाएं
सब्जियों को पीसकर रोटी, पराठा या पूरी बनाई जा सकती है। खासकर हरी सब्जियों को पीसकर आटे में इस्तेमाल करें और उन्हें खिलाएं। इस तरह उन्हें हरी सब्जी में नया और मजेदार टेस्ट आएगा और वे रोजाना आपसे नई डिश की डिमांड भी कर सकते हैं।
इसके अलावा अगर बच्चे सब्जी से दूर भागते हैं तो सिंपल डिश को क्रिएटिव तरीके से परोसकर उन्हें खिलाया जा सकता है। आप उनकी पसंद की डिश में सब्जियों को छिपाकर इस्तेमाल कर सकते हैं। बच्चों को कहानी सुनाते हुए सब्जियां खिलाएं जिससे उनका इंटरेस्ट बढ़ेगा और उन्हें खाने में भी मजा आएगा।

