मध्यप्रदेश

किसानों को CM मोहन यादव की बड़ी सौगात, सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना शुरू; 76 गांवों को मिलेगा लाभ

अब खबर सुनें पढ़ने की बजाय सुनें पूरी खबर

भोपाल। मध्यप्रदेश के किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार, 27 नवंबर को सीहोर जिले में सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना के प्रथम और द्वितीय चरण का लोकार्पण किया। करीब 536.23 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना से बुधनी और भैरूंदा क्षेत्र के 76 गांवों की 30,091 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई की सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र के 8 हजार से अधिक किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बुधनी विधानसभा क्षेत्र को 41.44 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात भी दी। इनमें पांच सड़कों, सलकनपुर में रेस्ट हाउस, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और प्रयोगशाला का लोकार्पण शामिल है। इसके अलावा गोपालपुर में सामुदायिक भवन और बगवाड़ा में सीसी रोड का भूमि पूजन किया गया।

छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, पीएचई के एसई-ईई समेत 43 अभियंताओं के तबादले

किसानों की समृद्धि और जीवन बदलना सरकार का संकल्प

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बुधनी विधानसभा क्षेत्र को मां नर्मदा का विशेष आशीर्वाद प्राप्त है। सीप-अंबर परियोजना शुरू होने से अब नर्मदा का पानी किसानों के खेतों तक पहुंचेगा। सिंचाई की सुविधा मिलने से किसानों की फसल और आय दोनों में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को दिन के समय भी बिजली उपलब्ध कराने और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करने के लिए लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2002-03 तक प्रदेश में सिंचाई का रकबा करीब 7.5 लाख हेक्टेयर था, जो वर्ष 2023 तक बढ़कर 40 लाख हेक्टेयर हो गया। पिछले ढाई वर्षों में इसमें 20 लाख हेक्टेयर से अधिक की वृद्धि हुई है और अब प्रदेश का सिंचित क्षेत्र 60 लाख हेक्टेयर से ज्यादा हो चुका है। सरकार का लक्ष्य इसे बढ़ाकर 100 लाख हेक्टेयर करना है।

शिक्षा, रोजगार और बिजली सुविधाओं पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए शिक्षा, सड़क, बिजली और रोजगार के क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा है। बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए सांदीपनि विद्यालय खोले जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पक्की सड़कों का निर्माण किया जा रहा है और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए औद्योगिक विकास को गति दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 85 हजार पदों पर भर्ती की जा चुकी है। अगले वर्ष पीएससी की परीक्षा दो बार आयोजित कराने की योजना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 1 लाख 70 हजार रुपये हो गई है। सरकार का उद्देश्य विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है।

लाड़ली बहनों को अब हर महीने मिल रहे 1500 रुपये

महिला सशक्तिकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लाड़ली बहना और लाड़ली लक्ष्मी सहित कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। लाड़ली बहना योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये दिए जा रहे हैं। योजना की शुरुआत से अब तक करीब 60 हजार करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में पहुंचाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को पंचायत और नगरीय निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण का लाभ भी मिल रहा है।

दूध उत्पादन में मध्यप्रदेश को नंबर-1 बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए खेती के साथ पशुपालन, डेयरी व्यवसाय, बकरीपालन, कुक्कुट पालन और मत्स्य पालन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। मध्यप्रदेश फिलहाल दूध उत्पादन में देश में तीसरे स्थान पर है। सरकार इसे पहले स्थान पर पहुंचाने का लक्ष्य लेकर काम कर रही है।

उन्होंने बताया कि नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के साथ हुए समझौते के बाद सांची डेयरी से जुड़े किसानों को दूध के दाम में 5 से 8 रुपये तक की अतिरिक्त राशि मिलने लगी है। प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को प्रति गाय हर महीने 1,000 रुपये की सहायता देने का निर्णय भी लिया गया है। इसके साथ ही मान्यता प्राप्त गोशालाओं के लिए अनुदान 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये प्रति गोमाता किया गया है।

‘मैं किसान का बेटा हूं, अन्नदाताओं की परेशानियों को अच्छी तरह समझता हूं’, CM विष्णुदेव साय का बयान

शिवराज सिंह चौहान ने भी परियोजना को बताया बड़ी सौगात

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि सीप-अंबर सिंचाई परियोजना से बुधनी और सीहोर क्षेत्र के 76 गांवों के किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा। यह परियोजना किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री एवं सीहोर जिले की प्रभारी कृष्णा गौर ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। वहीं जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि सरकार किसान, युवा, महिला और गरीब कल्याण को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के समग्र विकास के लिए काम कर रही है।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper