छत्तीसगढ़

तीज मिलन उत्सव में CM साय बोले- माताओं-बहनों के सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध

रायपुर : नवा रायपुर में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा की ओर से तीज मिलन उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य रूप से शामिल हुए। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की पत्नी वीणा सिंह, बहू ऐश्वर्या सिंह सहित प्रदेशभर से पहुंचीं महिलाएं और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

तीज मिलन उत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तीज का पर्व विवाहित महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखता है। इस दिन माताएं अपने पति की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। मुख्यमंत्री ने भगवान शिव से सभी के सौभाग्य और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।

कथा वाचक इन्द्रेश महाराज पहुंचे शदाणी दरबार तीर्थ, संत डॉ. युधिष्ठिर लाल जी से की भेंट

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजनों का भी आनंद लिया। उन्होंने कहा कि भारतीय समाज में प्राचीन काल से ही नारी के सम्मान को विशेष स्थान दिया गया है। त्रेता, द्वापर और सतयुग सहित हर काल में महिलाओं के सम्मान और उनकी भूमिका को महत्व दिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी माताओं-बहनों के सम्मान के साथ उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

महतारी वंदन योजना का किया जिक्र

सीएम साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की 68 लाख से अधिक माताओं-बहनों को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 31 किस्तें जारी की जा चुकी हैं और 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाई गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना से महिलाओं को अपने छोटे-छोटे व्यक्तिगत खर्चों के लिए दूसरों पर निर्भर रहने की जरूरत कम हुई है। हर महीने उनके खाते में एक हजार रुपये की राशि पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के दौरान महिलाओं के चेहरों पर इस आर्थिक सहायता को लेकर खुशी देखने को मिलती है।

ढाई साल में 18 लाख से अधिक आवास

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पिछले ढाई साल में 18 लाख से अधिक आवास बनाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि हर परिवार तक बिजली, नल के माध्यम से पानी और गैस सिलेंडर पहुंचाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कोरोना महामारी के दौरान देश की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने अपनी वैक्सीन तैयार की और देशभर में बड़े स्तर पर टीकाकरण अभियान संचालित किया गया।

दो साल के बेटे की मां ने जीता ‘मिसेज इंडिया यूनिवर्स एशिया 2026’ का खिताब

प्रदेश में 13 लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी

सीएम साय ने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में 13 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

मुख्यमंत्री ने इसे महिला आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति और सेवा की निरंतरता की कामना भी की।

news desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button