
एम्पायर स्टेट बिल्डिंग के एंटेना पर चढ़ा कपल, बैनर लहराया; पुलिस ने मौके पर किया गिरफ्तार… जानें क्या लिखा था
अमेरिका के न्यूयॉर्क में स्थित मशहूर एम्पायर स्टेट बिल्डिंग में बुधवार दोपहर एक बेहद खतरनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक जोड़ा बिना इजाजत और सुरक्षा नियमों को दरकिनार करते हुए इमारत की 1,454 फीट या 443 मीटर ऊंचे एंटेना तक पहुंच गया और वहां ‘प्यार की ताकत’ का संदेश लिखे एक बैनर को लहराया। इसके बाद दोनों नीचे उतरते समय एक-दूसरे को गले लगाते और सेल्फी लेते नजर आए। नीचे उतरने के कुछ देर बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!Chhattisgarh News: कमजोर मानसून पर सीएम साय का किसानों को भरोसा, बोले- हर हाल में साथ खड़ी है सरकार
‘जब प्यार की ताकत, सत्ता के प्यार पर भारी पड़े…’
दोनों ने स्टंट के दौरान काले कपड़े पहन रखे थे और मास्क लगाए हुए थे, लेकिन रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने सुरक्षा रस्सियों का इस्तेमाल नहीं किया था। एंटेना के ऊपर लगाए गए बैनर पर लिखा था ‘When the power of love beats the love of power, the world knows peace’ यानी कि ‘जब प्यार की ताकत, सत्ता के प्यार पर भारी पड़ती है, तब दुनिया में शांति आती है।’ यह बैनर हवा में लहराता रहा और नीचे मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचता रहा।
एंटेना पर खतरनाक चढ़ाई और रोमांटिक पल
दोपहर करीब 12:30 बजे के बाद दोनों धीरे-धीरे एंटेना से नीचे उतरने लगे। वे लोहे के स्ट्रक्चर पर सावधानी से चलते हुए एक चौड़ी सतह तक पहुंचे। वहां युवक ने इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसा कुछ सेट किया और घुटनों के बल बैठ गया। इसके बाद दोनों ने फिर एक-दूसरे को किस किया और गले मिले। इसके बाद दोनों ने सेल्फी ली और इंस्टाग्राम पर अपलोड हुई तस्वीर में अंगूठी भी नजर आई।
आखिर एंटेना तक कैसे पहुंच गए दोनों?
घटना के समय एम्पायर स्टेट बिल्डिंग के बाहर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिन्होंने इस नजारे को देखकर हैरानी जताई। स्कॉटलैंड के ग्लासगो से आए पर्यटक जोनाथन रोमन ने कहा कि यह दृश्य ‘फिल्म जैसा’ लग रहा था। उन्होंने बताया कि वह अपने 15 साल के बेटे के साथ ऑब्जर्वेशन डेक पर जाने वाले थे, लेकिन इमारत बंद कर दी गई। वहीं, इमारत में काम करने वाली जेसिका कैपलन ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि इतनी सख्त सुरक्षा के बावजूद ये लोग एंटेना तक कैसे पहुंच गए।
पुलिस ने किया गिरफ्तार, लगे गंभीर आरोप
दोपहर 1 बजे के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान किसी को चोट नहीं आई। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों की पहचान 33 साल की एंजेला निकोलाउ और 32 साल के इवान कुजनेत्सोव के रूप में हुई है। दोनों न्यू जर्सी में रहते हैं और सोशल मीडिया पर ‘डेरडेविल क्लाइंबर’ यानी खतरनाक जगहों पर चढ़ाई करने वाले कंटेंट के लिए जाने जाते हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों पर अवैध रूप से दूसरे की संपत्ति में प्रवेश, लापरवाही से जान खतरे में डालना और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश जैसे आरोप लगाए गए हैं।
Abhishek Sharma का धमाका: इंग्लैंड के खिलाफ T20I में विस्फोटक पारी, टूटे बड़े-बड़े रिकॉर्ड
एंजेला ने इंस्टाग्राम पर शेयर कीं तस्वीरें
अधिकारियों को अभी तक यह साफ नहीं है कि इतनी सख्त सुरक्षा वाली बिल्डिंग में, जहां बड़े बैग, कॉस्ट्यूम और मास्क तक प्रतिबंधित हैं, ये दोनों एंटेना तक कैसे पहुंच गए। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि उन्होंने प्रतिबंधित क्षेत्र तक पहुंचने के लिए सिक्योरिटी सिस्टम को कैसे पार किया। बताया गया है कि एंजेला निकोलाउ ने इस घटना की तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम पर भी शेयर की हैं, जिसमें शहर को दिखाते हुए सगाई की एक अंगूठी दिखाई गई है। दोनों के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर दुनिया भर की ऊंची इमारतों पर चढ़ने के विजुअल्स मौजूद हैं।
नेटफ्लिक्स पर भी आ चुकी है दोनों की कहानी
दोनों की कहानी नेटफ्लिक्स की डॉक्यूमेंट्री ‘Skywalkers: A Love Story’ में भी दिखाया गया है, जिसमें उन्हें ‘डेरडेविल इन्फ्लुएंसर्स’ बताया गया है, जो रोमांस और खतरनाक स्टंट के बीच संतुलन बनाते हैं। पूर्व FBI अधिकारी एंड्रयू मैककेब ने इस घटना पर कहा कि यह स्टंट पुलिस और शहर प्रशासन के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण स्थिति पैदा करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है ताकि कोई और इस तरह की नकल न करे, क्योंकि यह बेहद खतरनाक और जानलेवा साबित हो सकता है।

