जेसीआई सप्ताह के तृतीय दिवस पर साइबर जागरूकता अभियान
विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए किया जागरूक, “पुलिस से पूछो” सत्र में जिज्ञासाओं का समाधान

रायपुर : जेसीआई रायपुर संस्कार द्वारा जेसीआई सप्ताह 2026 के तृतीय दिवस के अवसर पर मानवीय दायित्व एवं डिजिटल आउटरीच दिवस के अंतर्गत “साइबर जागरूकता याचिका अभियान” का आयोजन पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, रायपुर में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के साथ सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना रहा। आयोजन की थीम “सोचें • जानें • सुरक्षित रहें” रही।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता ने दी महत्वपूर्ण जानकारी
कार्यक्रम में रायपुर पुलिस आयुक्तालय की साइबर अपराध शाखा के सहायक पुलिस आयुक्त श्री नरेश पटेल मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों, ऑनलाइन ठगी, बैंकिंग एवं डिजिटल भुगतान की सुरक्षा, ओटीपी एवं पासवर्ड की गोपनीयता, फिशिंग एवं संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया पर सुरक्षित व्यवहार तथा एआई और डीपफेक से जुड़े साइबर जोखिमों के संबंध में महत्वपूर्ण एवं व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से सतर्क एवं जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी अनजान लिंक, संदेश अथवा ऑनलाइन प्रस्ताव पर बिना सत्यापन के भरोसा नहीं करना चाहिए। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल 1930 पर शिकायत करने की जानकारी भी दी गई।

विशेष अतिथि ने किया विद्यार्थियों का मार्गदर्शन
कार्यक्रम में प्रोफेसर जी. के. देशमुख, निदेशक, इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल युग में जागरूकता, जिम्मेदारी और सावधानी के महत्व से अवगत कराया तथा साइबर सुरक्षा को व्यक्तिगत और सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

हेड टेबल पर रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम की हेड टेबल पर जेसी बरखा अंडानी, अध्यक्ष–जेसीआई रायपुर संस्कार, सहायक पुलिस आयुक्त श्री नरेश पटेल, प्रोफेसर जी. के. देशमुख, निदेशक–इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट तथा जेसी सूरज हेडाओ उपस्थित रहे।

विश्वविद्यालय की ओर से डॉ. दिलीप कुमार घृतलहरे, अंजना राय, ओसिन कुंजाम, ज्योति रहाँगदले, डॉ. सुशील इंदुरकार एवं डॉ. संस्कृति जोसफ ने कार्यक्रम में सहभागिता एवं सहयोग प्रदान किया।

“पुलिस से पूछो” सत्र बना आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम के विशेष आकर्षण “पुलिस से पूछो” सत्र में साइबर टीम से श्री चिंतामणि साहू जी ने विद्यार्थियों की साइबर सुरक्षा से संबंधित जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों का सरल और व्यावहारिक तरीके से समाधान किया। विद्यार्थियों ने ऑनलाइन फ्रॉड, बैंकिंग सुरक्षा, सामाजिक माध्यमों, संदिग्ध संदेशों एवं साइबर अपराधों से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका उन्हें उपयोगी मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
तकनीकी टीम का रहा सहयोग
कार्यक्रम की तकनीकी व्यवस्थाओं एवं सुचारू संचालन में तकनीकी टीम से श्री अमित वर्मा ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को “रुको – सोचो – सत्यापित करो – फिर भरोसा करो – फिर भुगतान करो” का संदेश दिया गया। साथ ही साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त करने के लिए 1930 हेल्पलाइन की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जेसीआई रायपुर संस्कार की अध्यक्ष जेसी बरखा अंडानी एवं सचिव जेसी जेएफएम अंकित दास मानिकपुरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में जेसीआई पदाधिकारियों, विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को सजग, सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने के संकल्प के साथ हुआ।
— जेसीआई रायपुर संस्कार

