छत्तीसगढ़
Trending

डेयरी रिफॉर्म से किसानों को मिल रहा संबल: मंत्री कश्यप

उपमुख्यमंत्री और सहकारिता मंत्री ने गुजरात में लिया डेयरी विकास का जायजा

रायपुर। उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा और सहकारिता मंत्री  केदार कश्यप ने अपने गुजरात प्रवास के दौरान आणंद स्थित राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के कार्यालय का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने वहां पदस्थ अधिकारियों से मुलाकात कर दुग्ध उत्पादन में हो रहे नवाचारों और विकास कार्यों की गहन जानकारी ली।

मंत्री श्री कश्यप ने अधिकारियों से संवाद करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में डेयरी सेक्टर में व्यापक सुधारों के जरिये किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने की दिशा में उल्लेखनीय कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि डेयरी रिफॉर्म के माध्यम से न केवल किसानों की आय बढ़ रही है, बल्कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नया जीवन मिल रहा है।

मंत्री श्री कश्यप ने राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि गुजरात की तरह छत्तीसगढ़ भी दुग्ध उत्पादन में आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के किसान दुग्ध उत्पादन और प्रसंस्करण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ मर्यादित, उरला, दुर्ग एवं राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड, आणंद, गुजरात के साथ विगत 16 दिसम्बर 2024 को छत्तीसगढ़ राज्य में डेयरी उद्यमिता को प्रोत्साहन देने एवं दुग्ध संकलन तथा प्रसंस्करण में वृद्धि हेतु राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के साथ एमओयू हुआ है। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव, सहकारिता  सुब्रत साहू, आयुक्त, सहकारिता व पंजीयक सहकारी संस्थाएं  कुलदीप शर्मा और प्रबंध संचालक राष्ट्रीय डेयरी बोर्ड सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper