
रेलवे इंस्टिट्यूट वैरिशा, रायपुर में समर कैंप 2026 का भव्य समापन
रायपुर :- रेलवे इंस्टिट्यूट वैरिशा, रायपुर द्वारा आयोजित “समर कैंप 2026” का भव्य समापन दिनांक 29 मई को निर्मल कुमार भंडारी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सौरव दवग्गर, निलांजन नियोगी, रामनारायण साहू, रामस्वरूप, रामनारायण ठाकुर, ए. रमेश बाबू सहित इंस्टिट्यूट के कार्यकारिणी सदस्य एवं बड़ी संख्या में पालकगण उपस्थित रहे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!11 मई से 29 मई तक आयोजित इस समर कैंप में कुल 207 बच्चों ने भाग लिया। कैंप में बैडमिंटन, ताईक्वांडो, शतरंज, फुटबॉल, ड्राइंग, नृत्य, फन गेम्स, क्राफ्टिंग एवं पर्सनैलिटी डेवलपमेंट जैसी गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा बच्चों को प्रशिक्षण दिया गया।
पर्सनैलिटी डेवलपमेंट सत्रों के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं सकारात्मक सोच विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया गया। ताईक्वांडो के पाँच खिलाड़ियों में से तीन रेल कर्मचारियों के बच्चे अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे हैं, जो संस्थान के लिए गर्व का विषय है।
मुख्य अतिथि निर्मल कुमार भंडारी ने बच्चों के साथ खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया तथा पालकों से आयोजन का फीडबैक भी प्राप्त किया। सभी ने समर कैंप की सराहना करते हुए इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु उपयोगी बताया।
समापन समारोह में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। ड्राइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का विषय “पर्यावरण एवं जल संरक्षण” रखा गया था। बच्चों द्वारा तैयार क्राफ्ट से अतिथियों का स्वागत किया गया तथा सभी प्रशिक्षकों को उनके योगदान हेतु सम्मानित किया गया।
समर कैंप 2026 बच्चों के व्यक्तित्व विकास, खेल भावना एवं रचनात्मकता को नई दिशा देने वाला सफल आयोजन सिद्ध हुआ।


