खेल

भारत ने पहले टी20I में इंग्लैंड को 7 विकेट से हराया

नई दिल्ली। भारतीय टी20 टीम की बल्लेबाजी तो मजबूत मानी जाती ही है, उसकी गेंदबाजी भी कितनी निखरती जा रही है यह बुधवार को ईडन गार्डन्स स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच में देखने को मिला। टीम के युवा गेंदबाजों ने इंग्लैंड की टी20 स्पेशलिस्ट टीम की पारी 132 रनों पर समेट दी। इसके जवाब में भारतीय टीम ने 133 रन बनाकर 7 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया।
टीम इंडिया प्लेइंग इलेवन में न तो जसप्रीत बुमराह थे और न ही 14 महीने बाद टीम में वापसी करने वाले मोहम्मद शमी। कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल जैसे धाकड़ स्पिनर भी इस टीम का हिस्सा नहीं हैं। वरुण चक्रवर्ती ने तीन और अक्षर पटेल, हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह ने दो-दो विकेट लेकर इंग्लैंड के बल्लेबाजों को पस्त कर दिया। टॉस जीतकर सूर्यकुमार ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। अर्शदीप सिंह ने पहले ही ओवर में इसे सहित साबित किया।

दहाई पर भी नहीं पहुंच पाए 7 बल्लेबाज

भारत की दमदार गेंदबाजी का इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि इंग्लैंड के सात बल्लेबाज दहाई तक भी नहीं पहुंच पाए। दो बल्लेबाज तो खाता भी नहीं खोल सके। इनमें से एक हालांकि, रन आउट हुआ। कप्तान जोस बटलर ने बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के बावजूद एक छोर संभाले रखा। लगातार गिरते विकेटों के बीच बटलर ने 44 गेंद पर 68 रन की जुझारू पारी खेली, जिसमें आठ चौके और दो छक्के शामिल रहे।

युवराज सिंह के नक्श-ए-कदम पर अभिषेक

लक्ष्य का पीछा करने उतारी भारतीय टीम की शुरुआत दमदार रही। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने पहले विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी हुई। कप्तान सूर्यकुमार यादव बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। हालांकि, दूसरे छोर पर खड़े अभिषेक शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरी सबसे तेज फिफ्टी जड़कर अपना नाम इतिहास में दर्ज करवा लिया। अभिषेक ने 20 गेंद पर पचासा पूरा किया। युवराज सिंह ने 12 गेंद पर इंग्लैंड के खिलाफ सबसे तेज फिफ्टी पूरी की थी।
7 विकेट से दर्ज की जीत
भारत जब जीत से कुछ ही रन दूर था तभी अभिषेक शर्मा 34 गेंद पर 79 रन बनाकर आउट हो गए। अपनी इस पारी के दौरान अभिषेक ने 8 छक्के और 5 चौके लगाए। अभिषेक ने इस मैदान पर सूर्यकुमार के द्वारा लगाए 7 छक्को का रिकॉर्ड तोड़ दिया। आखिरी में हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा ने जीत की औपचारिकताएं पूरी की। इंग्लैंड के लिए जोफ्रा आर्चर ने दो विकेट लिए।

Back to top button
📰 E-Paper