‘भारत हम सभी के लिए उम्मीद की किरण’, पोलैंड के PM ने की पीएम मोदी की जमकर तारीफ

नई दिल्ली: दुनिया में बढ़ती राजनीतिक अनिश्चितता और अस्थिरता के बीच पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने भारत को पूरी दुनिया के लिए उम्मीद की किरण बताया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और वैश्विक भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि भारत और पोलैंड के संबंध आने वाले वर्षों में और मजबूत होंगे। गुरुवार को नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी के साथ संयुक्त बयान के दौरान टस्क ने दोनों देशों के बीच आपसी विश्वास, साझा मूल्यों और सहयोग को बढ़ाने पर जोर दिया।
आरोहण फाइनेंशियल सर्विसेज का त्योहारी सीजन ऑफर
‘भारत हम सभी के लिए उम्मीद की किरण’
पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने वैश्विक मामलों में भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में जब दुनिया राजनीतिक अस्थिरता, अनिश्चितता और विभिन्न संकटों का सामना कर रही है, तब भारत का नेतृत्व उम्मीद जगाता है।
टस्क ने प्रधानमंत्री मोदी की वैश्विक भूमिका की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत जैसे शक्तिशाली देश के प्रधानमंत्री के रूप में उनका नेतृत्व पूरी दुनिया के लिए आशा का संकेत है।
भारत-पोलैंड के बीच नहीं है कोई बड़ा विवाद
डोनाल्ड टस्क ने भारत और पोलैंड के रिश्तों को सकारात्मक बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच कई समानताएं हैं। उनके अनुसार, दोनों देशों के संबंधों में न तो हितों का कोई बड़ा टकराव है और न ही ऐसे ऐतिहासिक विवाद, जो आपसी रिश्तों में बाधा बनें।
उन्होंने कहा कि भारत और पोलैंड के बीच दोस्ती विश्वास, साझा मूल्यों और अहिंसा जैसे सिद्धांतों पर आधारित है। टस्क ने प्रधानमंत्री मोदी को अपना मित्र बताते हुए दोनों देशों के बीच मजबूत होते संबंधों पर गर्व जताया।
रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की तैयारी
पोलैंड के प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और पोलैंड के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण और सार्थक बातचीत हुई है। दोनों देशों ने अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की और भविष्य में सहयोग की प्राथमिकताओं पर चर्चा की।
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वारसॉ यात्रा के दौरान दोनों देशों ने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक आगे बढ़ाने का फैसला किया था। मौजूदा यात्रा का उद्देश्य इसी साझेदारी को और व्यापक बनाना तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर तलाशना है।
व्यापार और निवेश से मजबूत होंगे दोनों देशों के रिश्ते
डोनाल्ड टस्क ने आर्थिक सहयोग को भारत-पोलैंड रणनीतिक साझेदारी का प्रमुख आधार बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने और निवेश के नए अवसर विकसित करने की काफी संभावनाएं हैं।
टस्क की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों की कंपनियों और कारोबारी प्रतिनिधियों के बीच भी बैठकें प्रस्तावित हैं। उनके प्रतिनिधिमंडल में पोलैंड के कारोबारी जगत के प्रतिनिधि शामिल हैं। टस्क ने इस दौरे को भारत-पोलैंड संबंधों के इतिहास में महत्वपूर्ण बताते हुए आर्थिक साझेदारी के विस्तार पर जोर दिया।
खनन, अंतरिक्ष और रक्षा तकनीक में बढ़ेगा सहयोग
भारत और पोलैंड के बीच सहयोग का दायरा पारंपरिक उद्योगों से लेकर अत्याधुनिक तकनीक तक बढ़ाने की योजना है। टस्क के मुताबिक, दोनों देश खनन, कोयले से गैस बनाने की तकनीक, शिपयार्ड और जहाज निर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ा सकते हैं।
इसके अलावा अंतरिक्ष, डिजिटल तकनीक, उपग्रह, ड्रोन और आधुनिक रक्षा प्रणालियों के क्षेत्र में भी साझेदारी की संभावनाएं हैं। टस्क ने ड्रोन और उपग्रह तकनीक के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि संकट और राजनीतिक तनाव के समय इन तकनीकों में सहयोग देशों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।
अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी एक-दूसरे का समर्थन करेंगे भारत-पोलैंड
पोलैंड के प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि भारत और पोलैंड G20 जैसे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी एक-दूसरे का साथ देंगे। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बढ़ता सहयोग न केवल द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करेगा, बल्कि व्यापक वैश्विक हितों को भी लाभ पहुंचा सकता है।
बता दें कि पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क 21 से 23 अक्टूबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा का प्रमुख उद्देश्य वर्ष 2024 में स्थापित रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाना और व्यापार, तकनीक, रक्षा तथा अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में आपसी सहयोग को नई दिशा देना है।

