कनिष्का फाउंडेशन ने दिव्यांग बच्चों के साथ मनाया गरबा महोत्सव, खुशियों से खिल उठा घरौंदा आश्रम

रायपुर, सुंदर नगर। कनिष्का फाउंडेशन छत्तीसगढ़ द्वारा सुंदर नगर स्थित घरौंदा आश्रम में दिव्यांग बच्चों के साथ गरबा महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस आयोजन में आश्रम की संस्थापिका श्रीमती मीना शर्मा एवं आश्रम के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गरबा की धुन पर बच्चों और संस्था की सदस्यों ने मिलकर नृत्य किया, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और उमंग से भर गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था। संस्था की सदस्यों ने बच्चों के साथ समय बिताकर उन्हें त्योहार की खुशियों में शामिल किया। इस आयोजन का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना, उनके साथ आत्मीयता बढ़ाना तथा उन्हें समान अवसर और सम्मान का अनुभव कराना था।
इस अवसर पर कनिष्का फाउंडेशन छत्तीसगढ़ की अध्यक्ष खुशबू शर्मा के साथ नीतू सिंह, अन्नपूर्णा शर्मा, शुभांगी आप्टे, संध्या बडोले, लता लांजेवार, सारिका रंगारी,सुनीता मोदी, डॉली अमुले, गुनगुन शर्मा, लाडो शर्मा सहित संस्था की अन्य सदस्य उपस्थित रहीं। सभी ने बच्चों के साथ गरबा कर आयोजन को यादगार बनाया।
जिंदल स्टील बनी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की रायगढ़ टीम ‘चक्रधर चैंपियंस’ की फ्रेंचाइजी मालिक
विशेष सहयोग मोहित पुजारी जी का रहा।
अध्यक्ष खुशबू शर्मा ने कहा कि कनिष्का फाउंडेशन का उद्देश्य सेवा, संवेदना और समर्पण के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक खुशियां पहुंचाना है। दिव्यांग बच्चे भी समाज का अभिन्न हिस्सा हैं। उनके साथ त्योहार मनाना और उनके चेहरों पर मुस्कान लाना संस्था के लिए बेहद खुशी और संतोष का विषय है। फाउंडेशन भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं सेवाभावी आयोजन करता रहेगा।

