छत्तीसगढ़

DICCI नारी शक्ति सम्मेलन 2026: महिला उद्यमिता को मिला सशक्त मंच

जतिन नचरानी

रायपुर। दलित भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग चैंबर (DICCI) छत्तीसगढ़ चैप्टर के महिला विंग द्वारा “महिलाओं के लिए, महिलाओं द्वारा” थीम पर DICCI नारी शक्ति SC/ST महिला उद्यमिता सम्मेलन 2026 का सफल आयोजन रायपुर के निजी होटल में किया गया।

इस सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों एवं महाराष्ट्र से आई लगभग 50 SC/ST महिला उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला उद्यमियों को सरकारी योजनाओं, वित्तीय अवसरों एवं बाज़ार से सीधे जोड़ना रहा।

कार्यक्रम के दौरान RAMP योजना (Raising and Accelerating MSME Performance) के अंतर्गत वित्तीय सहायता, बैंक लिंकेज एवं MSME पंजीकरण संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही Open Network for Digital Commerce के माध्यम से उत्पादों की ऑनलाइन मार्केटिंग, ऑनबोर्डिंग एवं मार्केट लिंकिंग पर विशेष सत्र आयोजित किया गया।

इसके अतिरिक्त छत्तीसगढ़ की औद्योगिक नीति 2024-30 के तहत SC/ST महिला उद्यमियों के लिए उपलब्ध प्रोत्साहनों, कृषि एवं वन आधारित उद्यमिता के अवसरों तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।

कार्यक्रम में अभिनव सत्यवंशी (अध्यक्ष, DICCI छत्तीसगढ़), श्रीमती शालिनी राजपूत (अध्यक्ष, CHDB), श्रीमती सरला कोसरिया (सदस्य, महिला आयोग), श्रीमती सिपी दुबे (अध्यक्ष, लघु उद्योग भारती), श्री लोकेश परगनिहा (संयुक्त संचालक, MSME DFO), श्री संजय गजघाटे (संयुक्त संचालक, उद्योग संचालनालय), श्री प्रसन्न निमोनकर (पूर्व संचालक, SITCON) सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए महिला उद्यमियों को मार्गदर्शन प्रदान किया।

इस अवसर पर अध्यक्ष श्री अभिनव सत्यवंशी ने कहा कि महिला उद्यमियों में अपार संभावनाएं हैं और DICCI का प्रयास है कि उन्हें सही जानकारी, नेटवर्क एवं मंच उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनाया जाए, ताकि वे समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में आयोजन टीम अदिति कोशले, अतिशा बंजारे, दीपांशु बंसोड, कनिका ठाकुर, अदिति गडपांडे, दीपिका भूआर्य एवं DICCI कोर टीम का विशेष योगदान रहा।

Back to top button