व्यस्त जीवन में तनावमुक्ति का संदेश, तीन दिवसीय हैप्पीनेस यूथ प्रोग्राम का आयोजन

रायपुर। आर्ट ऑफ लिविंग संस्था द्वारा कोटा कॉलोनी, रायपुर में कार्यशील पेशेवरों के लिए तीन दिवसीय हैप्पीनेस यूथ प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यस्त कार्यशैली के बीच लोगों को मानसिक तनाव, नकारात्मकता और थकान से राहत दिलाने के साथ जीवन में सकारात्मकता एवं संतुलन विकसित करने के लिए प्रेरित करना रहा।
छत्तीसगढ़ में 8 हजार से ज्यादा पदों पर रोजगार का मौका, 7-8 अक्टूबर को लगेगा राज्य स्तरीय रोजगार मेला
कार्यक्रम का नेतृत्व आर्ट ऑफ लिविंग के शिक्षक शुभम सिंह एवं मीनाक्षी चंद्राकर ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को श्री श्री रविशंकर द्वारा विकसित सुदर्शन क्रिया सहित विभिन्न योग, ध्यान एवं श्वसन तकनीकों का अभ्यास कराया। कार्यक्रम में बताया गया कि नियमित रूप से इन अभ्यासों को जीवनशैली का हिस्सा बनाकर व्यक्ति अपने मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में कदम बढ़ा सकता है।
कामकाजी पेशेवरों को ध्यान में रखकर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में 20 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े पेशेवरों ने हिस्सा लिया, जिनमें एमबीए गोल्ड मेडलिस्ट एवं शोधार्थी राहुल सिंह, योग शिक्षिका सुधा साहू, जुंबा ट्रेनर महेश निर्मलकर, वरिष्ठ लेखाकार जगदीश देवांगन और सॉफ्टवेयर इंजीनियर श्रुति सहित अन्य प्रतिभागी शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि नियमित श्वसन अभ्यास, ध्यान और सुदर्शन क्रिया के माध्यम से उन्हें मानसिक शांति, सकारात्मकता और नई ऊर्जा का अनुभव हुआ। प्रतिभागियों के अनुसार, व्यस्त कार्यशैली के बीच स्वयं के लिए कुछ समय निकालकर ध्यान एवं क्रिया का अभ्यास करना तनाव कम करने और मानसिक संतुलन बनाए रखने में सहायक हो सकता है।
आर्ट ऑफ लिविंग के शिक्षकों ने कहा कि आज की तेज रफ्तार जीवनशैली में काम और व्यक्तिगत जीवन के बीच संतुलन बनाए रखना एक महत्वपूर्ण चुनौती है। ऐसे कार्यक्रम लोगों को स्वयं से जुड़ने, तनाव को समझने और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम का समापन सकारात्मक ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ हुआ। प्रतिभागियों ने योग, ध्यान एवं सुदर्शन क्रिया को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

