मध्यप्रदेश

MPPSC Final Result 2023: मंदिर के सामने नारियल बेचने वाले की बेटी प्रिया बनी डिप्टी कलेक्टर

सतना। मध्यप्रदेश पीएससी 2023 के फाइनल परिणाम में सतना जिले के बिरसिंहपुर की बेटी प्रिया अग्रवाल ने प्रदेश में छठवां स्थान हासिल किया है। परिणाम आने के बाद बिरसिंहपुर में उनके घर के बाहर जश्न का माहौल बन गया। प्रिया के पिता विजय अग्रवाल गैवीनाथ मंदिर के पास नारियल और प्रसाद बेचते हैं।
प्रिया ने बताया कि उन्होंने पांचवें प्रयास में यह सफलता पाई है। उनकी प्रारंभिक शिक्षा बिरसिंहपुर शासकीय कन्या विद्यालय से हुई, जबकि उच्च शिक्षा इंदौर के होलकर कॉलेज से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने इंदौर से एमपीपीएससी की कोचिंग ली और प्रशासनिक सेवा में आने का लक्ष्य बनाया। वर्तमान में प्रिया रीवा में श्रम अधिकारी के रूप में पदस्थ हैं।

उन्होंने बताया कि तीसरे प्रयास में वर्ष 2021 में श्रम अधिकारी के पद पर चयन मिला था, लेकिन उन्होंने यहीं रुकना उचित नहीं समझा। नौकरी के साथ तैयारी जारी रखी और निरंतर मेहनत से पांचवें प्रयास में यह ऐतिहासिक सफलता पाई। प्रिया ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता की प्रेरणा और निरंतर प्रयास को दिया।

गांव में जश्न, घर पहुंची बेटी का हुआ भव्य स्वागत
जैसे ही MPPSC का परिणाम घोषित हुआ। प्रिया के डिप्टी कलेक्टर बनने की खबर गांव पहुंची। पूरा बिरसिंहपुर गांव जश्न में झूम। उठा गांववालों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर खुशी मनाई। वहीं प्रिया के घर पर लोगों का तांता लग गया। रीवा से अपने निवास पहुंचीं। प्रिया का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। गांव के लोगों ने कहा कि प्रिया ने यह साबित किया है कि संकल्प और मेहनत से कोई भी सपना हकीकत में बदला जा सकता है।

Back to top button