
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में कार्यरत शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के लिए उपस्थिति को लेकर नया नियम लागू किया गया है। अब कर्मचारियों का वेतन वीएसके (VSK) ऐप में दर्ज हाजिरी के आधार पर ही जारी किया जाएगा। बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने इस संबंध में निर्देश जारी करते हुए व्यवस्था का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। यह नियम नवंबर महीने के वेतन से लागू कर दिया गया है।
VSK ऐप की हाजिरी से बनेगा वेतन बिल
जिला प्रशासन के आदेश के मुताबिक, जिले के सभी शासकीय स्कूलों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों की उपस्थिति का डिजिटल रिकॉर्ड वीएसके ऐप के माध्यम से तैयार किया जाएगा। इसी रिकॉर्ड के आधार पर कर्मचारियों के वेतन की गणना और भुगतान होगा। इसका उद्देश्य उपस्थिति व्यवस्था में पारदर्शिता लाना और अनियमितताओं पर रोक लगाना है।
HRMIS पोर्टल पर देख सकेंगे कर्मचारियों की उपस्थिति
वेतन भुगतान की प्रक्रिया को व्यवस्थित करने के लिए आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को HRMIS पोर्टल पर विशेष डैशबोर्ड की सुविधा दी गई है। इसके जरिए अधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की वीएसके ऐप में दर्ज उपस्थिति देख सकेंगे। हाजिरी का सत्यापन करने के बाद ही वेतन का ई-बिल तैयार किया जाएगा।
गड़बड़ी मिलने पर अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिला शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का पालन कराने की जिम्मेदारी सौंपी है। कोटा, मस्तूरी, तखतपुर और बिल्हा के विकासखंड शिक्षा अधिकारियों तथा स्कूलों के प्राचार्यों को भी व्यवस्था लागू कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वीएसके ऐप में दर्ज उपस्थिति और वेतन गणना में शामिल दिनों के बीच बिना उचित कारण अंतर मिलने पर संबंधित आहरण एवं संवितरण अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
मोबाइल में नेटवर्क नहीं होने पर भी आएगी जरूरी कॉल, बस एक्टिवेट करें ये खास फीचर
नवंबर के वेतन से लागू हुआ नियम
यह व्यवस्था स्कूल शिक्षा विभाग के पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों के तहत लागू की गई है। विभाग ने अधिकारियों को उपस्थिति के रिकॉर्ड के आधार पर ही वेतन गणना करने और इस प्रक्रिया में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं।
बिलासपुर जिले में नवंबर महीने के वेतन से इस नियम को अनिवार्य कर दिया गया है। इससे स्कूलों में कर्मचारियों की उपस्थिति की निगरानी बढ़ेगी और वेतन भुगतान की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

