
नगर निगम रायपुर के सकरी स्थित इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में अध्ययन सह भ्रमण का आयोजन
(4 जुलाई 2025, रायपुर) । नगरीय निकाय भिलाई, दुर्ग, भिलाई-चरोदा, रिसाली, कुम्हारी, जामुल और उतई के 20 अधिकारियों ने शुक्रवार को सकरी स्थित इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का अध्ययन सह भ्रमण किया। दुर्ग-भिलाई नगरीय समूह में एकीकृत ठोस कचरा प्रबंधन और नगर स्वच्छता के संबंध में भ्रमण का आयोजन किया गया। नगर निगम रायपुर के अधिकारियों व प्लांट स्टाफ ने अधिकारियों को प्लांट में वैज्ञानिक तरीके से किए जा रहे कचरे का ट्रीटमेंट प्रोसेस का अवलोकन करवाया। भ्रमण दल ने कचरे को पृथक्क कर उससे कंपोस्ट बनाने की पूरी प्रक्रिया देखी। साथ ही लैंडफिल और उसके प्रबंधन के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने लीचेट के ट्रीटमेंट से साफ पानी प्राप्त करने की प्रकिया भी जानी। प्लास्टिक कचरे के पृथक्करण और उसे उद्योगों में उपयोग लायक बनाने के लिए ग्रैन्यूल्स में बदलने की पूरी प्रक्रिया भी अधिकारियों ने समझी। कंपोस्ट, उपचारित जल और प्लास्टिक ग्रैनुअल्स की क्वालिटी जांचने के लिए वहां स्थित लैब में अपनाई जाने वाली विधि भी अधिकारियों को बताई गई। भ्रमण में नगर निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पांडेय, दुर्ग आयुक्त सुमित अग्रवाल, रिसाली आयुक्त मोनिका वर्मा और नगर पंचायत उतई के मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेंद्र नायक शामिल रहे। साथ ही भिलाई चरोदा के कार्यपालन अभियंता प्रकाशचंद थवानी, नगर पालिका जामुल के उप अभियंता सचिन भागवत और कुम्हारी के प्रभारी सहायक अभियंता अतुल कुमार सिंग भी भ्रमण दल में शामिल रहे। इस अवसर पर नगर निगम रायपुर के अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, कार्यपालन अभियंता एवं स्वच्छ भारत अभियान के नोडल अधिकारी रघुमणी प्रधान और उपअभियंता कृष्णा राठी भी उपस्थित रहीं।