उत्तरप्रदेश

गोवर्धन पूजा पर CM योगी ने किया गौ पूजन, बोले- गाय समृद्धि का खजाना, पालन करने वालों को मिलेंगे ₹6 हजार महीने

गोरखपुर। गोवर्धन पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार (9 नवंबर) को गोरखनाथ मंदिर की गौशाला में विधि-विधान से गायों का पूजन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए गाय के महत्व और गोवंश संरक्षण के लिए सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। सीएम योगी ने कहा कि गाय भारतीय कृषि और ऋषि परंपरा की आत्मा है। यह केवल एक पशु नहीं, बल्कि समृद्धि का खजाना है। जिस समाज में गोवंश का संरक्षण और संवर्धन होता है, वहां सुख-समृद्धि का वास होता है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने परिवार संग मनाई दीपावली, दीप जलाकर और आतिशबाजी कर बांटी खुशियां

प्रदेश में 7700 से अधिक गौशालाओं का संचालन

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए 7700 से अधिक गौशालाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें 16 लाख से ज्यादा गोवंश को आश्रय मिला हुआ है। सरकार ने गोवंश संरक्षण के साथ किसानों और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक रूप से जोड़ने के लिए तीन प्रमुख व्यवस्थाएं लागू की हैं।

चार गाय पालने पर हर महीने मिलेंगे 6 हजार रुपये

सीएम योगी ने सहभागिता योजना का जिक्र करते हुए बताया कि इसके तहत किसान निराश्रित गो-आश्रय स्थलों से गाय ले सकते हैं। सरकार प्रत्येक गाय के पालन-पोषण के लिए 1500 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता देती है। एक किसान अधिकतम चार गाय रख सकता है। इस तरह चार गायों के पालन पर हर महीने 6 हजार रुपये तक मिल सकते हैं। हालांकि, सहायता का लाभ लेने के लिए गायों की उचित देखभाल का सत्यापन किया जाता है।

कुपोषित परिवारों को भी गाय देने की व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार की दूसरी योजना के तहत कुपोषित परिवारों को एक-एक गाय उपलब्ध कराई जाती है। इसके रखरखाव के लिए भी 1500 रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जाती है। इससे परिवारों को दूध के रूप में पोषण मिलने के साथ आर्थिक मदद भी मिलती है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन विभाग गो-आश्रय स्थलों का संचालन कर रहा है, जबकि शहरी क्षेत्रों में नगर विकास विभाग के माध्यम से कान्हा उपवन चलाए जा रहे हैं।

Phone Theft Protection: फोन चोरी होते ही तुरंत करें ये काम, घर बैठे लॉक करें मोबाइल और सुरक्षित रखें अपना निजी डेटा

गाय और स्वान के लिए भोजन निकालने की अपील

सीएम योगी ने लोगों से अपील की कि हर परिवार अपने भोजन का पहला हिस्सा गाय के लिए और कुछ हिस्सा स्वान के लिए जरूर निकाले। उन्होंने गौशालाओं के संचालन में सहयोग करने और अपनी क्षमता के अनुसार गोवंश पालने का भी आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवंश संरक्षण के साथ गायों की नस्ल सुधार पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है। सरकार का उद्देश्य पशुपालकों को आर्थिक रूप से मजबूत करना और निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना है। इससे सड़कों पर घूमने वाले गोवंश की समस्या कम होगी और किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान पर भी अंकुश लगाया जा सकेगा।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper