नवा रायपुर में ‘ओपन 2026’ का आगाज, गोल्फ और खेल पर्यटन को मिलेगी नई पहचान, CM साय होंगे मुख्य अतिथि

रायपुर : नवा रायपुर को गोल्फ और खेल पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत होने जा रही है। ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का शुभारंभ 15 सितंबर को फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट, नवा रायपुर में होगा। उद्घाटन समारोह और प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस आयोजन में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी और डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के अध्यक्ष कपिल देव तथा डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमनदीप जौहल भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। राष्ट्रीय स्तर के खेल दिग्गजों की मौजूदगी से प्रतियोगिता को व्यापक पहचान मिलने की उम्मीद है।
सेरेमोनियल टी-ऑफ से होगी शुरुआत
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम 3:05 बजे सेरेमोनियल टी-ऑफ के जरिए ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री और अन्य विशिष्ट अतिथि गोल्फ खिलाड़ियों से मुलाकात करेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण भी किया जाएगा।
इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और आयोजन से जुड़े अतिथि मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे तथा प्रतियोगिता के उद्देश्यों और इससे जुड़ी संभावनाओं की जानकारी साझा करेंगे।
गोल्फ और खेल पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का उद्देश्य प्रदेश में गोल्फ के प्रति रुचि को बढ़ावा देने के साथ उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। इसके अलावा नवा रायपुर की आधुनिक अधोसंरचना और खेल सुविधाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में भी यह आयोजन महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस प्रतियोगिता के जरिए नवा रायपुर को आधुनिक खेल और गोल्फ पर्यटन के प्रमुख गंतव्य के रूप में विकसित करने की संभावनाओं को बल मिलने की उम्मीद है। बड़े स्तर के गोल्फ आयोजन से देशभर के खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और पर्यटकों का नवा रायपुर की ओर आकर्षण बढ़ सकता है।
‘नवा रायपुर ओपन 2026’ के जरिए छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभा, आधुनिक सुविधाओं और विकसित हो रही खेल संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, इससे प्रदेश में खेल पर्यटन को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।



