छत्तीसगढ़ में नर्सिंग की खाली सीटों पर एडमिशन का मौका, दूसरे और तीसरे चरण की संयुक्त काउंसिलिंग शुरू

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश में खाली रह गई सीटों को भरने के लिए दूसरे और तीसरे चरण (मॉप-अप राउंड) की संयुक्त काउंसिलिंग आयोजित की जा रही है। राज्य काउंसिलिंग समिति, संचालनालय चिकित्सा शिक्षा के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 20 नवंबर को सुबह 11 बजे से शुरू होकर 22 नवंबर को दोपहर 2 बजे तक चलेगी।
इस काउंसिलिंग के तहत बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग की रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
नए अभ्यर्थियों को भी मिलेगा पंजीयन का मौका
संयुक्त काउंसिलिंग के लिए नए अभ्यर्थी ऑनलाइन पंजीयन कर सकेंगे। वहीं, पहले से पंजीकृत पात्र उम्मीदवारों को भी संस्थान और पाठ्यक्रम का दोबारा चयन करने का अवसर मिलेगा। इस प्रक्रिया में शामिल होने वाले सभी पात्र अभ्यर्थियों के लिए नए सिरे से विकल्प भरना और उन्हें लॉक करना अनिवार्य होगा।
इसके अलावा, पहले चरण में प्रवेश ले चुके पात्र अभ्यर्थियों को नियमानुसार सीट अपग्रेड कराने का विकल्प भी दिया जाएगा।
10 पर्सेंटाइल तक वाले अभ्यर्थी भी कर सकेंगे आवेदन
बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा में 10 पर्सेंटाइल तक अंक हासिल करने वाले उम्मीदवार भी इस चरण में पंजीयन कर सकेंगे। ऐसे अभ्यर्थियों को संस्थान का चयन करने की अनुमति भी दी जाएगी। हालांकि, यह प्रावधान केवल बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम के लिए लागू होगा।
CM योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, 91 वर्ष की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा
रिक्त सीटों की श्रेणी में होगा बदलाव
संयुक्त काउंसिलिंग के दौरान बची हुई सीटों के संवर्ग, श्रेणी और नियतांश में बदलाव छत्तीसगढ़ नर्सिंग पाठ्यक्रम प्रवेश नियम, 2026 के नियम 10 और 11 के तहत किया जाएगा।
समिति ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि काउंसिलिंग प्रक्रिया, सीट आवंटन और प्रवेश से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए संचालनालय चिकित्सा शिक्षा की आधिकारिक वेबसाइट www.cgdme.in नियमित रूप से देखते रहें।

