
न्यूजीलैंड दौरे पर PM मोदी का दूसरा दिन, प्रधानमंत्री लक्सन के साथ हुई अहम द्विपक्षीय वार्ता
पीएम मोदी के न्यूजीलैंड दौरे का आज दूसरा दिन है। इस दौरान उनका ऑकलैंड में औपचारिक स्वागत किया गया और फिर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस मौके पर न्यूजीलैंड के पीएम क्रिस्टोफर लक्सन भी साथ रहे। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता भी हुई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!FTA दोनों देशों के संबंधों में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को दोनों देशों के संबंधों में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया और कम समय में यह समझौता पूरा करने के लिए न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन का धन्यवाद किया। ऑकलैंड में प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत के दौरान, पीएम मोदी ने कहा कि इस यात्रा ने दोनों देशों के रिश्तों को नई गति दी है और अपनी साझेदारी को और मज़बूत करने के प्रति दोनों देशों की प्रतिबद्धता को फिर से दोहराया है।
पीएम मोदी ने कहा, “मुझे बहुत खुशी है कि 40 साल बाद भारत के किसी प्रधानमंत्री ने न्यूजीलैंड का दौरा किया है। आपके आर्थिक केंद्र में एक कार्यक्रम आयोजित करके, भारत और न्यूजीलैंड के रिश्तों में नई जान फूंकने का मौका दिया है। मैं आपका बहुत आभारी हूं।”
पीएम मोदी ने कहा, “यह हमारे रिश्तों में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है, जो हमारे संबंधों को नई ऊर्जा देता है और दोस्ती के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को फिर से पक्का करता है। जब आप भारत आए थे, तब FTA की प्रक्रिया शुरू हुई थी। जिस तरह से पूरा न्यूजीलैंड इतने कम समय में FTA को सफल बनाने के लिए एकजुट हुआ—शायद इतनी तेजी से मिली सफलता का यह दुनिया में पहला उदाहरण है—वह वाकई काबिले-तारीफ है। इस उपलब्धि के लिए मैं आपके नेतृत्व, आपकी सरकार और आपकी टीम का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं।”
आंधी-बारिश में हादसे पर मिलेगा मुआवजा! बिलासपुर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, जानिए आपके अधिकार
करीब 4 दशक के बाद कोई पीएम न्यूजीलैंड के दौरे पर
करीब चार दशकों बाद भारत का कोई प्रधानमंत्री न्यूजीलैंड के दौरे पर है और पीएम मोदी की इस यात्रा को दोनों देशों के रणनीतिक और आर्थिक संबंधों में एक नए युग की शुरुआत माना जा रहा है। भारत और न्यूजीलैंड ने इसी साल अप्रैल में एफटीए पर साइन किए थे।
मोदी की यात्रा को काफी अहम माना जा रहा है। समझौता लागू होने से न्यूजीलैंड से आने वाले 95% सामानों पर टैरिफ कम या खत्म हो जाएगा। पहले ही दिन से न्यूजीलैंड का 57% निर्यात पूरी तरह शुल्क-मुक्त हो जाएगा, वहीं, भारत से निर्यात 100% सामानों पर टैरिफ खत्म हो जाएगा।
भारतीय किसानों के हितों की रक्षा के लिए डेयरी, चीनी, सेब और कुछ अन्य कृषि उत्पादों को इस छूट से बाहर रखा गया है। न्यूजीलैंड के पीएम क्रिस्टोफर लक्सन ने मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि भारत दुनिया की सबसे बड़ी और तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से है। यह यात्रा दोनों देशों में एक जीत की साझेदारी का जश्न है, जो लोगों के लिए समृद्धि और सुरक्षा लाएगी।

