सेहत

प्रदूषण का डायबिटीज से भी कनेक्शन! जहरीली हवा बढ़ा सकती है टाइप-2 शुगर का खतरा; रिसर्च में खुलासा

डायबिटीज आज के समय की सबसे आम स्वास्थ्य समस्याओं में से एक बन गई है। आमतौर पर माना जाता है कि ज्यादा मीठा खाने, मोटापे और खराब लाइफस्टाइल की वजह से इस बीमारी का खतरा बढ़ता है। लेकिन एक नई रिसर्च में चौंकाने वाली बात सामने आई है। इसके मुताबिक, प्रदूषित हवा में लंबे समय तक सांस लेना भी टाइप-2 डायबिटीज का जोखिम बढ़ा सकता है।

इसका मतलब है कि खानपान का ध्यान रखने और नियमित शारीरिक गतिविधियां करने के बावजूद प्रदूषण के संपर्क में रहने से स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है। 200 करोड़ से ज्यादा लोगों के आंकड़ों पर आधारित अध्ययन में वायु प्रदूषण और डायबिटीज के बीच संबंध पाया गया है।

नरैया तालाब छठ घाट में व्रतियों ने सूर्य देव की प्रत्युषा किरण के बाद उषा किरण को दिया अर्घ्य

क्या कहती है नई रिसर्च?

इस अध्ययन में दुनिया भर की 13 बड़ी समीक्षाओं का विश्लेषण किया गया। इसमें अमेरिका, यूरोप, चीन, जापान, भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका, ब्राजील और ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों के लोगों से जुड़े आंकड़े शामिल थे।

रिसर्च के मुताबिक, हवा में मौजूद PM2.5 के बारीक कणों के लंबे समय तक संपर्क में रहने से टाइप-2 डायबिटीज का खतरा बढ़ सकता है। अध्ययन में पाया गया कि PM2.5 के स्तर में हर 10 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर की बढ़ोतरी के साथ डायबिटीज का जोखिम लगभग 10 से 16 प्रतिशत तक बढ़ सकता है।

भारत के लिए क्यों बढ़ सकती है चिंता?

भारत समेत दक्षिण एशियाई देशों में वायु प्रदूषण एक गंभीर समस्या है। यहां कई शहरों में प्रदूषण का स्तर काफी अधिक रहता है। वहीं, डायबिटीज के मरीजों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है।

भारत में 10 करोड़ से ज्यादा लोग डायबिटीज से प्रभावित हैं, जबकि लगभग 13.6 करोड़ लोग प्री-डायबिटीज की स्थिति में हैं। ऐसे में प्रदूषण और डायबिटीज के बीच सामने आया यह संबंध चिंता बढ़ाने वाला है।

खासतौर पर दिल्ली जैसे बड़े शहरों में सर्दियों के दौरान वायु गुणवत्ता बेहद खराब हो जाती है। लंबे समय तक ऐसी हवा के संपर्क में रहने से शरीर पर कई तरह के नकारात्मक प्रभाव पड़ सकते हैं।

खराब हवा शरीर में कैसे बढ़ाती है ब्लड शुगर?

हवा में मौजूद PM2.5 के कण बेहद छोटे होते हैं। ये सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं और शरीर में सूजन तथा ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस बढ़ाने में भूमिका निभा सकते हैं।

नक्सलवाद खत्म, बस्तर से हटेगी फोर्स! गृहमंत्री बोले- अब सुरक्षा बलों की जरूरत नहीं, 1000 जवान मणिपुर जाएंगे

शोधकर्ताओं के अनुसार, प्रदूषण के लंबे समय तक संपर्क में रहने से शरीर की इंसुलिन के प्रति संवेदनशीलता प्रभावित हो सकती है। जब शरीर इंसुलिन का सही तरीके से इस्तेमाल नहीं कर पाता, तो ब्लड शुगर का स्तर बढ़ने लगता है। इस स्थिति को इंसुलिन रेजिस्टेंस कहा जाता है, जो टाइप-2 डायबिटीज का एक प्रमुख कारण है।

इस रिसर्च से यह संकेत मिलता है कि वायु प्रदूषण केवल सांस और फेफड़ों से जुड़ी समस्या नहीं है, बल्कि इसका संबंध शरीर के मेटाबॉलिज्म और ब्लड शुगर से भी हो सकता है। इसलिए स्वच्छ हवा और प्रदूषण से बचाव को भी बेहतर स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण माना जाना चाहिए।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper