पंजाब
Trending

पंजाब पुलिस ने 10 अंतरराज्यीय चोर गिरोह काे पकड़ा , दो कार समेत साेना बरामद

मोहाली । ज्वेलरी शॉप में खरीदारी के बहाने दुकानदार को बातों में उलझाकर जेवर चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश कर क्राइम इन्वेस्टीगेशन एजेंसी (सीआईए) ने 10  अंतरराज्यीय चोरों को पकड़ा है। पकड़े गए आरोपी वारदात को अंजाम देते समय असली गहनों को चुराकर उनकी जगह नकली गहने रख देते थे।

आरोपियों से यूपी नंबर की दो स्विफ्ट कार, 92 ग्राम सोने के गहने, एक किलो 850 ग्राम चांदी के गहने बरामद हुए हैं। यह गिरोह पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और यूपी सहित कई राज्यों में वारदात कर चुका है।  आरोपियों की पहचान आशिया (55), जायदा (55), आममीन (35), मेहरूनिसा (65) नर्गिस (42), खातून (56), साजिद (34), मुन्ने खान (45), नाजिम (45), इनसर (56) के रूप में हुई है। जिला गाजियाबाद (यूपी) के थाना विजय नगर के मोहल्ला कैलाखेड़ा के रहने वाले हैं। इनमें से पांच पंचकूला और पांच आरोपी सहारनपुर से पकड़े गए हैं। पकड़े गए सभी आरोपी शादीशुदा हैं और पांचवीं से सातवीं कक्षा तक पढ़े हैं। सभी आरोपियों को मोहाली की जिला अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने सभी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।

बता दें कि पुलिस सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर हरमिंदर सिंह के नेतृत्व में कुराली में दर्ज चोरी के एक मामले की जांच कर रही थी। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि वारदात में एक गिरोह शामिल है, जिसमें 8 से 10 महिलाएं और व्यक्ति शामिल हैं। यह गिरोह दो स्विफ्ट कार में सवार होकर वारदात करता है। इसके बाद सीआईए टीम गिरोह की तलाश में जुट गई। बीते चार अक्तूबर को कालका लाइट पॉइंट, माजरी चौक, पंचकूला में इस गिरोह की एक कार को रोककर पुलिस ने उसमें सवार पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इसी दिन दूसरी स्विफ्ट कार में सवार पांच आरोपियों को सरसावां टोल प्लाजा, जिला सहारनपुर (यूपी) से गिरफ्तार किया गया। सीआईए टीम ने आरोपियों को उस समय पकड़ा जब वे हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर व सोलन जिले के नालागढ़ में ज्वेलरी की दुकानों पर वारदात को अंजाम देकर आ रहे थे।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper