राजधानी के आसमान में गूंजा भारतीय वायुसेना के ‘सारंग’ हेलीकॉप्टरों का गर्जन, रोमांचित हुए रायपुरवासी
कलेक्टर, सीईओ सहित अधिकारियों ने मल्टीलेवल पार्किंग की छत से किया वायुसेना के जांबाज पायलटों का अभिवादन

घरों और कार्यालयों की छतों से नागरिकों ने देखा रोमांचक नजारा, बच्चों और युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक में होगा भव्य सारंग हेलीकॉप्टर एयर शो
रायपुर, 30 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर आज राजधानी रायपुर का आसमान भारतीय वायुसेना के शौर्य, साहस और अद्भुत उड़ान कौशल का साक्षी बना। भारतीय वायुसेना की विश्वप्रसिद्ध ‘सारंग’ हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने राजधानी के आसमान में शानदार उड़ान भरकर रायपुरवासियों को रोमांचित कर दिया। हेलीकॉप्टरों की गड़गड़ाहट सुनते ही शहरवासियों में उत्साह की लहर दौड़ गई। लोगों ने अपने घरों, कार्यालयों और विभिन्न भवनों की छतों से इस अद्भुत नजारे का आनंद लिया।
कलेक्टोरेट परिसर स्थित मल्टीलेवल पार्किंग की छत पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार बिश्वरंजन, अपर कलेक्टर श्री कीर्तिमान सिंह राठौर, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री आशीष देवांगन, एसडीएम श्री नभ सिंह कोसले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने आसमान में उड़ान भरते सारंग हेलीकॉप्टरों को देखकर उत्साहपूर्वक हाथ हिलाकर भारतीय वायुसेना के जांबाज पायलटों का अभिवादन किया।
राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में भी सारंग हेलीकॉप्टरों की उड़ान को लेकर नागरिकों में खासा उत्साह रहा। जैसे ही हेलीकॉप्टर आसमान में दिखाई दिए, लोगों की निगाहें उनकी ओर टिक गईं। घरों और कार्यालयों की छतों पर खड़े नागरिकों ने हाथ हिलाकर पायलटों का स्वागत किया। स्कूली बच्चों और युवाओं में विशेष रोमांच देखने को मिला। अनेक लोगों ने इस यादगार पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। भारतीय वायुसेना की इस शानदार उड़ान ने पूरे शहर में देशभक्ति और गौरव का वातावरण निर्मित कर दिया।
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का राजधानी के आसमान में उड़ान भरना रायपुरवासियों के लिए गौरव और उत्साह का क्षण है। भारतीय वायुसेना के जांबाज पायलटों का साहस, अनुशासन और उत्कृष्ट उड़ान कौशल देश की सामरिक क्षमता एवं तकनीकी दक्षता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन विशेष रूप से बच्चों और युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं तथा उन्हें भारतीय सशस्त्र सेनाओं में शामिल होकर राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर आगामी 2 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर स्थित सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम द्वारा भव्य एयर शो का आयोजन किया जाएगा। सुबह 11 बजे से आयोजित इस एयर शो में भारतीय वायुसेना स्वदेशी हेलीकॉप्टरों के माध्यम से हैरतअंगेज हवाई करतबों, साहसिक उड़ान और उत्कृष्ट समन्वय का प्रदर्शन करेंगे। यह आयोजन प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं और बच्चों को भारतीय वायुसेना के अदम्य साहस, अनुशासन और तकनीकी सामर्थ्य से परिचित कराने का अवसर प्रदान करेगा।

